
देवभूमि जन हुंकार, रुड़की (हरिद्वार): जनपद हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र अंतर्गत पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार 21 अगस्त 2026 की देर रात रफ्तार के कहर ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। तेज गति से आ रही चार मोटरसाइकिलों की आपस में हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तीव्र थी कि चारों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात चार मोटरसाइकिलें पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान वाहनों का संतुलन बिगड़ने से चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से अत्यंत भीषण टक्कर हो गई। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर सहम गए और मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। चारों तरफ घायलों की चीख-पुकार मचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मय फोर्स तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगीरों की सहायता से आनन-फानन में 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से सभी घायलों को रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के उपरांत तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार प्रारंभ किया गया।
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीन युवकों का विवरण इस प्रकार है:
-
अयान (उम्र 18 वर्ष) पुत्र शहजाद, निवासी ग्राम बिझोली, कोतवाली मंगलौर (हरिद्वार)।
-
राजू (उम्र 24 वर्ष) पुत्र कदम सिंह, निवासी ग्राम रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर (हरिद्वार)।
-
राजीव (उम्र 18 वर्ष) पुत्र मोल्हड़ सिंह, निवासी ग्राम रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर (हरिद्वार)।
वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आदित्य चंद्रा (उम्र 25 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र, निवासी ग्राम खंजरपुर की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल हायर सेंटर एम्स (AIIMS) ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया है। अन्य पांच घायलों का उपचार रुड़की अस्पताल में चल रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी देहात) शेखर चंद्र सुयाल ने बताया:
“प्रारंभिक सूचना के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत आमने-सामने से हुई है। हादसे में तीन युवकों की मृत्यु हुई है और छह घायल हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस टीम घटनास्थल का तकनीकी मुआयना कर रही है और हादसे से जुड़े समस्त तथ्यों व कारणों की गहन जांच की जा रही है।”
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




