देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ छेड़े गए महाअभियान के तहत पुलिस ने एक बहुत बड़ी और अंतर्राष्ट्रीय सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की सटीक रणनीति और निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ के तहत SOG, साइबर सेल और मुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में चल रहे एक हाई-टेक साइबर रैकेट का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 6 शातिर ठगों को धर दबोचा है।
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में साइबर अपराधियों, म्यूल बैंक खातों (Mule Accounts) और अवैध नकदी निकासी के विरुद्ध राज्यव्यापी विशेष अभियान चल रहा है। इसी क्रम में दिनांक 05/06 सितंबर 2026 की रात्रि को एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली मुखानी पुलिस, SOG तथा साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना के आधार पर लक्ष्मण विहार कॉलोनी (थाना मुखानी क्षेत्र) स्थित एक मकान पर त्वरित छापेमारी की।
इस रेड के दौरान पुलिस ने अवैध साइबर वित्तीय नेटवर्क का संचालन कर रहे मुख्य सरगना समेत कुल 06 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, तथा 02 विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में कोतवाली मुखानी में IT Act और BNS की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस तरह चल रहा था करोड़ों का अवैध कारोबार (Modus Operandi)
पुलिस पूछताछ और शुरुआती तकनीकी जांच में इस अंतर्राष्ट्रीय सिंडिकेट के काले कारनामों के कई चौकाने वाले खुलासे हुए हैं:
-
क्रिप्टोकरेंसी (USDT) की खरीद-फरोख्त: मुख्य अभियुक्त राहुल यादव बाइनेंस (Binance) ऐप के जरिए नगद पैसे जुटाकर बड़े पैमाने पर USDT खरीदता था।
-
अनधिकृत ‘UMASTER’ ऐप का प्रयोग: बिना किसी वैध दस्तावेज, केवाईसी या स्रोत सत्यापन के टेलीग्राम के जरिए प्राप्त अनधिकृत ऐप UMASTER के माध्यम से प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये मूल्य की USDT को 3% अतिरिक्त मुनाफे और बोनस के लालच में बेचा जाता था।
-
म्यूल खातों की व्यवस्था व स्थानीय युवाओं को जोड़ना: अवैध रूप से प्राप्त धनराशि की लेयरिंग करने के लिए गिरोह द्वारा स्थानीय युवकों को 3% कमीशन का लालच देकर भोले-भाले लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल किए जाते थे।
-
नकदी निकासी व सीडीएम (CDM) डिपॉजिट: गिरोह के सदस्य इन म्यूल खातों से एटीएम के जरिए कैश विड्रॉल करते थे तथा अधिक नकदी होने पर कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) के माध्यम से अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। खाताधारकों के सिम कार्ड भी गिरोह अपने पास रखता था ताकि खाताधारक कोई धोखाधड़ी न कर सके।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की सूची इस प्रकार है:
-
राहुल यादव (उम्र 30 वर्ष) पुत्र अजय यादव, निवासी- पंचवटी नगर, इंदौर, मध्य प्रदेश (गैंग लीडर / मुख्य संचालक — जो पूर्व में भी थाना इंदौर ग्रामीण में धारा 420/409 भादवि के तहत जेल जा चुका है)।
-
हर्षित कुमार (उम्र 26 वर्ष) पुत्र भरतवीर, निवासी- गैस गोदाम रोड, शिव विहार, मुखानी, नैनीताल (एटीएम विड्रॉल व सीडीएम डिपाजिट का कार्य संभालता था)।
-
कमल गोस्वामी (उम्र 21 वर्ष) पुत्र नवीन गोस्वामी, निवासी- तल्ली दीनी, मुक्तेश्वर, नैनीताल (कमीशन पर म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाला)।
-
साहिल कुमार (उम्र 21 वर्ष) पुत्र स्व. जीवन राम, निवासी- काण्डा, बागेश्वर; हाल निवासी- दमुवाढुंगा, नैनीताल (म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाला)।
-
मो. अयान (उम्र 20 वर्ष) पुत्र मो. यामीन, निवासी- ग्राम कोरबकू, भोजपुर, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश (इन्वेस्टर)।
-
मो. शुभान (उम्र 24 वर्ष) पुत्र वाजिद हुसैन, निवासी- ग्राम सलारपुरकला, सम्भल, उत्तर प्रदेश (इन्वेस्टर)।
इसके अतिरिक्त 02 अन्य वांछित आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है, तथा 02 विधि-विवादित किशोरों को बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के संरक्षण में अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु प्रस्तुत किया गया है।
यह भी पढ़ें ‘सोने-चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में घूम रहे थे चोर!’ पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा
भारी मात्रा में गैजेट्स, नकदी और बैंकिंग दस्तावेज बरामद
पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में अत्याधुनिक उपकरण और वित्तीय सामग्रियां बरामद की हैं:
-
नकदी: कुल ₹1,18,800/- नकद
-
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: 01 डेल (Dell) लैपटॉप मय चार्जर, 01 एप्पल आईपैड, 11 आधुनिक स्मार्ट मोबाइल फोन (जिसमें iPhone 17 Pro, iPhone 14 Pro, Samsung Galaxy S24, S22 Ultra जैसे हाई-एंड फोन शामिल हैं)।
-
बैंकिंग दस्तावेज व सामग्री: 24 विभिन्न बैंकों के सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 एक्टिव सिम कार्ड, 06 चेकबुक, 04 पासबुक एवं 16 बैंक जमा/सीडीएम पर्चियां।
एसएसपी नैनीताल ने इस उत्कृष्ट और साहसिक खुलासे के लिए पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु ₹2500/- नगद इनाम देने की घोषणा की है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




