देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (नैनीताल): उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के अंतर्गत हल्द्वानी शहर में राजनीतिक तापमान उस समय अचानक चढ़ गया, जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा नेता प्रतिपक्ष को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर आई। बृहस्पतिवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी के बुद्धपार्क में जोरदार प्रदर्शन किया और भाजपा के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने दो-टूक शब्दों में कहा कि वैचारिक मतभेद और राजनीतिक विरोध स्वस्थ लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी नेता के खिलाफ व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियां करना पूरी तरह से लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश की आम जनता, युवाओं, किसानों और गरीबों से जुड़े मूल मुद्दों को संसद और सड़कों पर अत्यंत मजबूती के साथ उठा रहे हैं, जिससे सत्ता पक्ष और भाजपा नेतृत्व पूरी तरह बौखलाया हुआ है।
इस विरोध प्रदर्शन में शामिल प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतीश नैनवाल, प्रदेश महासचिव संजय किरोला और प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी ने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के बुनियादी सवालों के जवाब देने चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता इस समय महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पहाड़ से हो रहे पलायन जैसी गंभीर समस्याओं से त्रस्त है। विपक्षी नेताओं पर व्यक्तिगत और अनर्गल टिप्पणियां करने के बजाय सरकार को इन ज्वलंत समस्याओं पर अपना स्पष्ट पक्ष रखना चाहिए।
महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जया कर्नाटक और महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी ने संयुक्त रूप से कहा कि महिलाओं, युवाओं और किसानों के हितों को लेकर कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति में भाषा की गरिमा होनी चाहिए, क्योंकि अमर्यादित और ओछी भाषा हमेशा स्वस्थ राजनीतिक संवाद को कमजोर करती है।
इस प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, भोला दत्त भट्ट, जीवन कार्की, राधा आर्य, रेनू तोमर, भगवती बिष्ट, मंजू दानू, दीप पाठक, किरण माहरा, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, मनोज भट्ट, देवेंद्र चूनौतिया, प्रदीप नेगी, रंजीत डसीला, खीम सिंह चौहान, महेंद्र कुमार, बबलू बिष्ट, दिनेश सांगुड़ी और दीपक दानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस जनों ने संकल्प लिया कि व्यक्तिगत हमलों और दुष्प्रचार से राहुल गांधी की आवाज को कभी दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी जनहित, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष इसी प्रकार जारी रखेगी।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



