देवभूमि जन हुंकार, नैनीताल: उत्तराखंड के पर्वतीय और वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार आम जनजीवन के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। नैनीताल जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में एक बार फिर से बाघ की दहशत से ग्रामीण और स्कूली छात्र भयभीत हैं। दिनदहाड़े बाघ द्वारा एक ग्रामीण के पालतू जानवर पर हमला किए जाने और खूंखार जानवर के सीधे स्कूल परिसर तक पहुंच जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, जंगलिया गांव में दिन के उजाले में अचानक बाघ आ धमका और ग्रामीण मदन सिंह पड़ियार के कुत्ते पर जोरदार हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में कुत्ता बुरी तरह से घायल हो गया।
अपनी जान बचाने के लिए वह लहूलुहान और डरा हुआ कुत्ता भागते-दौड़ते हुए सीधे राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) के बरामदे में जा पहुंचा। स्कूल परिसर के भीतर इस तरह लहूलुहान हालत में कुत्ते के पहुंचने और आसपास बाघ के मौजूद होने की आशंका से स्कूल के भीतर पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों तथा शिक्षण स्टाफ में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार जैसी स्थिति बन गई।
विद्यालय के भीतर इस तरह की आपात स्थिति बनते ही स्कूल के प्रधानाचार्य बालम सिंह रैकवाल ने बिना एक पल गंवाए तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान और वरिष्ठ प्रशासनिक व वन विभाग के अधिकारियों को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने तुरंत सक्रियता दिखाई और वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया और आसपास के जंगलों व पगडंडियों पर बाघ की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।
इस खौफनाक घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर गांव में चिंता का माहौल है। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने सभी ग्रामीणों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति अत्यधिक सतर्क रहें।
अभिभावक कुछ समय के लिए स्वयं अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जाएं और छुट्टी के समय उन्हें लेने के लिए आएं। बच्चे अकेले आने-जाने के बजाय हमेशा समूह या टोलियों में स्कूल आएं और जाएं। इसके साथ ही ग्राम प्रधान ने वन विभाग से पुरजोर अपील की है कि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में तत्काल सुरक्षात्मक कार्य किए जाएं और पिंजरा लगाकर बाघ को पकड़ने की व्यवस्था की जाए।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



