देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के अंतर्गत हल्द्वानी के संवेदनशील बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से एक बहुत बड़ी अपडेट सामने आ रही है। जवाहर नगर वार्ड-14 में बीते दिनों सामने आई युवक की संदिग्ध मौत (जिसकी पहचान हापुड़ निवासी अमन ठाकुर के रूप में हुई थी) दरअसल एक सुनियोजित और खौफनाक मर्डर निकला है। पुलिस ने त्वरित और गहन जांच करते हुए अवैध संबंधों के संदेह में इस अंधे कत्ल की गुत्थी को पूरी तरह सुलझा लिया है और मुख्य आरोपी दामाद को हिरासत में ले लिया है।
जन्मदिन समारोह से शुरू हुआ था खूनी विवाद
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, मृतक अमन ठाकुर (29 वर्ष) मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़, उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था और पिछले तीन वर्षों से जवाहर नगर में नगर निगम की एक सफाईकर्मी महिला और उसके परिवार के साथ रह रहा था। महिला की दूसरे नंबर की बेटी की ससुराल पास में ही है, और आरोपी दामाद को लंबे समय से अपनी पत्नी और अमन के बीच अवैध संबंधों का गहरा शक था।
जांच में खुलासा हुआ कि मंगलवार रात पड़ोस में आयोजित एक बच्चे के जन्मदिन समारोह के दौरान आरोपी और अमन का आमना-सामना हुआ, जहाँ आरोपी ने अमन के साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट की थी। यही विवाद इस खूनी वारदात की वजह बना।
बिजली के तार से घोंटा गया था गला
बर्थडे पार्टी के विवाद के बाद जब रात में घर के सभी सदस्य सो गए, तो शातिर आरोपी दोबारा उस घर में दाखिल हुआ। उसने बरामदे में सो रहे अमन का बिजली के तार से गला घोंट दिया। बेरहमी से वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेखौफ होकर अपने घर गया और सो गया, जबकि हत्या में इस्तेमाल बिजली का तार मौके पर ही छोड़ गया।
अगली सुबह जब कमरे/बरामदे में शव मिलने की सूचना फैली तो सनसनी मच गई, लेकिन पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाते हुए चंद घंटों में ही कातिल तक पहुँचने में सफलता हासिल कर ली।
आलाकत्ल बरामद, आरोपी से पूछताछ जारी— सीओ अमित सैनी
मामले का खुलासा करते हुए सीओ अमित सैनी ने बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल आलाकत्ल (बिजली का तार) बरामद कर लिया है और आरोपी दामाद को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती दौर में इस घटना को संदिग्ध मौत या आत्महत्या के एंगल से देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने इस सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश कर दिया है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस प्रशासन ने सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



