देवभूमि जन हुंकार, पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद से एक अत्यंत मर्मस्पर्शी, झकझोर देने वाली और हृदयविदारक खबर सामने आ रही है। पिथौरागढ़ के मड़ेगांव (वड्डा) में शनिवार का दिन एक परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए कयामत बनकर आया। 14 वर्षीय इकलौते बेटे की अचानक हुई आकस्मिक मौत की खबर से सदमे में डूबी मां ने अस्पताल से लौटने के बाद घाट क्षेत्र में सरयू नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। एक ही दिन में मां और बेटे की अर्थी उठने से पूरे क्षेत्र में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मड़ेगांव निवासी कैलाश चंद्र जोशी का 14 वर्षीय इकलौता बेटा जतिन जोशी रोज की तरह शनिवार सुबह झौलखेत मैदान में दौड़ लगाने गया था। दौड़ पूरी करने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तो रास्ते में अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। पीछे से आ रहे अन्य बच्चों ने उसे देखा और तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही जतिन की मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा तुरंत टैक्सी से उसे लेकर जिला अस्पताल पिथौरागढ़ पहुंचीं, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर अचानक तबियत बिगड़ने को मौत का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इकलौते बेटे की इस अचानक और अकल्पनीय मौत से मां पूनम जोशी गहरे मानसिक सदमे में चली गईं। बताया जा रहा है कि अस्पताल से निकलने के बाद उन्होंने अपना मुंह कपड़े से ढंका और गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गईं। पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट क्षेत्र में पहुंचने पर कुछ सामान लेने की बात कहकर उन्होंने चालक से वाहन रुकवाने को कहा।
वाहन रुकते ही वह तेजी से नीचे उतरीं और बिना कुछ सोचे-समझे सरयू नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में कूदते देख वहां मौजूद एक स्थानीय होटल स्वामी ने उन्हें बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी, लेकिन सरयू नदी के तेज बहाव और अत्यधिक गहराई के कारण वह महिला तक नहीं पहुंच सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस ने महिला का शव नदी से बरामद कर लिया।
यह भी पढ़ें ‘हल्द्वानी के 6 स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा छापा: नियमों की धज्जियां उड़ाने पर लगा जुर्माना, मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों के अनुसार, यह परिवार पहले से ही एक बहुत बड़ी त्रासदी झेल चुका है। करीब दो वर्ष पूर्व कैलाश चंद्र जोशी और पूनम जोशी की बड़ी बेटी की मधुमेह (डाइबिटीज) की बीमारी के चलते अकाल मृत्यु हो गई थी। अब इकलौते बेटे की अचानक मौत और उसके तुरंत बाद मां के सुसाइड करने से यह पूरा हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह उजड़ चुका है।
दुखद पहलू यह भी है कि मृतका के पति कैलाश चंद्र जोशी भारतीय सेना की प्रतिष्ठित रेजिमेंट असम राइफल्स में कार्यरत हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। परिवार में लगातार हुई इन दो बड़ी त्रासदियों से पूरे मड़ेगांव और आसपास के गांवों में गहरा मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




