देवभूमि जन हुंकार, देहरादून / हल्द्वानी: उत्तराखंड के प्रतिष्ठित दून विश्वविद्यालय (Doon University) से इस वक्त एक बड़ी और गरमागरम खबर सामने आ रही है। विश्वविद्यालय में होने जा रहे छात्र परिषद चुनावों से ठीक एक दिन पहले सोमवार की देर रात मेस के खाने को लेकर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। मेस के भोजन में कीड़ा मिलने का गंभीर आरोप लगाते हुए छात्र-छात्राओं ने जोरदार हंगामा किया और बड़ी संख्या में छात्राएं कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गईं।
मेस के खाने में कीड़ा मिलने से भड़के छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात विश्वविद्यालय की मेस में जब छात्रों को खाना परोसा गया, तो उसमें कथित तौर पर कीड़ा मिलने की बात सामने आई। इस बात से नाराज छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकजुट होकर कुलपति आवास के बाहर पहुंच गए और मेस संचालन एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया ताकि छात्रों से बातचीत की जा सके।
पहले भी की गई थीं शिकायतें, कोई सुधार नहीं
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की मेस में परोसे जाने वाले खाने की घटिया गुणवत्ता को लेकर पहले भी लगातार शिकायतें की जाती रही हैं। छात्रों के मुताबिक, पूर्व में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद मेस की व्यवस्था में कोई अपेक्षित और ठोस सुधार नहीं किया गया, जिसके चलते सोमवार रात छात्रों का सब्र टूट गया और वे सड़कों पर उतर आए।
छात्र अपनी विभिन्न शिकायतों और मांगों को लेकर देर रात तक कुलपति आवास के बाहर डटे रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से लगातार छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया जाता रहा, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल का बयान
पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने मीडिया को बताया कि उन्होंने सुबह ही बॉयज हॉस्टल का निरीक्षण किया था, लेकिन व्यस्तता के कारण वह गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण नहीं कर पाई थीं।
कुलपति ने कहा कि पूर्व में भी छात्रों की ओर से इस तरह की शिकायत मिली थी, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देकर समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की मेस में छात्रों को मात्र 2,200 रुपये में तीन वक्त का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रो. सुरेखा डंगवाल ने एक बड़ा बयान देते हुए यह भी कहा कि 29 सितंबर को विश्वविद्यालय में छात्र परिषद के चुनाव होने हैं, और कुछ छात्र इस साधारण मुद्दे को जानबूझकर राजनीतिक मुद्दा भी बना रहे हैं।
चुनाव के ठीक मुहाने पर हुए इस हंगामे के बाद से विश्वविद्यालय परिसर में सियासी और छात्र राजनीति का पारा काफी हाई हो गया है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें



