देवभूमि जन हुंकार, नैनीताल: देवभूमि उत्तराखंड के नैनीताल जनपद से ग्रामीण अंचलों में सामाजिक न्याय, विधिक जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने वाली एक बेहद प्रेरणादायक और सकारात्मक खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल श्री प्रशांत जोशी के कुशल निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल श्रीमती पारुल थपलियाल के मार्गदर्शन में ग्राम सौंड में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के पहले चरण के अंतिम दिवस पर एक भव्य वितरण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
श्रम विभाग के सहयोग से 100 से अधिक ग्रामीणों को मिले श्रम कार्ड
ग्राम सौंड में आयोजित इस बहुउद्देशीय शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाना था। शिविर के दौरान सिविल जज एवं सचिव श्रीमती पारुल थपलियाल ने श्रम विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभूतपूर्व कार्य किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग के सहयोग से 100 से अधिक पात्र ग्रामवासियों के नए श्रम कार्ड मौके पर ही तैयार कर मेगा कैंप के इस अंतिम दिवस पर वितरित किए गए। श्रम कार्ड बन जाने से अब इन ग्रामीण श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहायता का सीधा लाभ मिल सकेगा।
एलिमिको और समाज कल्याण विभाग ने वृद्ध व दिव्यांगजनों को बांटे कृत्रिम उपकरण
शिविर का दूसरा सबसे बड़ा आकर्षण वृद्धजनों और दिव्यांगजनों का कल्याण रहा। समाज कल्याण विभाग, प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र (हल्द्वानी) और प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिमिको) के विशेषज्ञ चिकित्सकों व कर्मियों ने संयुक्त रूप से शिविर में उपस्थित बुजुर्गों व जरूरतमंदों की स्वास्थ्य व आवश्यकता की स्क्रिनिंग (Screening) की।
जाँच प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 से अधिक वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार अत्याधुनिक कृत्रिम उपकरण प्रदान किए गए। इनमें सुनने के लिए कान की चलने वाली मशीन, चलने के लिए लाठी, शारीरिक सपोर्ट के लिए कमर की बेल्ट और नी-कैप शामिल थे। इन उपकरणों को पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्राधिकरण व प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें उत्तराखंड में नशे की बड़ी खेप पकड़ी! झारखंड से लाई गई 7.05 किलो अफीम के साथ दो गिरफ्तार
सहयोगियों का सम्मान और अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति
इस 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के प्रथम चरण को पूरी सफलता के साथ संपन्न कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले की भूमिका अहम रही। सिविल जज एवं सचिव श्रीमती पारुल थपलियाल ने ग्राम प्रधान निशा बिष्ट, इस अभियान में विशेष सहयोग देने वाले पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश नारायण बिष्ट, तथा बीटीसी शुभम बिष्ट को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
शिविर के सफल आयोजन में सहायक समाज कल्याण अधिकारी चाँद मोहम्मद, पैरालीगल वालंटियर्स (PLV) ज्योति, नीतू आर्या, अंबिका, यशवंत कुमार, मनोज बलसुनि, निकेश आर्या, और कैलाश आर्या सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारी पूरी सक्रियता के साथ मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल से ग्रामीण जनता में विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं के प्रति भारी विश्वास और उत्साह देखा जा रहा है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें



