देवभूमि जन हुंकार, सितारगंज / उधम सिंह नगर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद उधम सिंह नगर श्री अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में कोतवाली सितारगंज पुलिस ने महिला अपराध व गंभीर अपराध के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है तथा एक 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया है।
रुद्रपुर से 17 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, आरोपी रवि कश्यप गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, दिनांक 24.10.2026 को वादी द्वारा अपनी 17 वर्षीय पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में कोतवाली सितारगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जिस पर मु0अ0सं0 566/2026 धारा 140(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर तलाश की जा रही थी।
मोबाइल फोन की लोकेशन एवं मुखबिर की सूचना पर प्रयास करते हुए पुलिस टीम को फुलसुंगी, तीन पानी डैम क्षेत्र रुद्रपुर में एक युवक के मौजूद होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर युवक को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम रवि कश्यप उर्फ गोलू (पुत्र करनपाल, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड नं0 06 नहरपार, सितारगंज, जनपद उधम सिंह नगर) बताया। पूछताछ में अभियुक्त ने किशोरी के साथ घर से जाने और रुद्रपुर में किराये के कमरे में रहने की जानकारी दी, और उसकी निशानदेही पर गुमशुदा किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
किशोरी एवं अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर प्रकरण में धारा 137(2), 87, 64(1) बीएनएस एवं धारा 5/6 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई तथा अभियुक्त रवि कश्यप उर्फ गोलू को दिनांक 19.11.2026 समय 20:30 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
वांछित अभियुक्त सचिन द्विवेदी बरेली से गिरफ्तार
दूसरे मामले में पीड़िता द्वारा अभियुक्त सचिन द्विवेदी के विरुद्ध शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाने, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने तथा जान से मारने की धमकी देने संबंधी आरोप लगाए गए थे।
इस अभियोग में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विवेचक क्षेत्राधिकारी सितारगंज द्वारा धारा 55 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक आदेश प्रदान किए गए थे। दिनांक 19.11.2026 को मुखबिर खास की सूचना पर पुलिस टीम ने अभियुक्त सचिन द्विवेदी उर्फ सचिदानन्द (पुत्र नन्हे लाल द्विवेदी, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी ग्राम विरिया मकरन्दपुर, थाना मदनापुर, जनपद शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश) को रोहिलखण्ड अस्पताल, बरेली (उत्तर प्रदेश) से समय नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेशी
पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


