देवभूमि जन हुंकार, देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बैंक से करोड़ों रुपये का ऋण दिलाने के नाम पर कमीशनखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा में छापेमारी और ट्रैप कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने और उसकी धनराशि जारी करवाने के बदले ग्राहक से नौ लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
1.80 करोड़ के लोन के बदले मांगी गई थी 5 प्रतिशत यानी 9 लाख की रिश्वत
CBI की एंटी करप्शन ब्रांच के अनुसार, क्लेमेंट टाउन निवासी आशीष बंबा ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा में अपनी संपत्ति के एवज में 1.80 करोड़ रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि बैंक प्रबंधक प्रेम रंजन और तीन निजी डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (DSA) नरेंद्र आर्य, नीरज राय तथा अशरफ ने ऋण प्रक्रिया पूरी कराने के बदले कुल ऋण राशि का पांच प्रतिशत यानी नौ लाख रुपये बतौर कमीशन मांगे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी उससे पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद ले चुके थे और शेष 6.50 लाख रुपये देने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी दिए थे, जबकि बाकी 50 हजार रुपये नकद देने पर सहमति बनी थी।
18 नवंबर को रंगेहाथ पकड़ा गया एजेंट, आवासीय परिसरों की तलाशी में मिली नकदी व दस्तावेज
मामले की शिकायत मिलने के बाद CBI ने 18 नवंबर को सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही निजी एजेंट नरेंद्र आर्य ने 50 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद पूछताछ और मामले में भूमिका सामने आने पर बैंक प्रबंधक प्रेम रंजन और दूसरे एजेंट नीरज राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए जांच एजेंसी ने तीनों आरोपियों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी मिलने की बात सामने आई है, जिसे CBI ने अपने कब्जे में लेकर जांच में शामिल कर लिया है।
तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए, चौथे आरोपी की जांच जारी
CBI ने 18 नवंबर को आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में नामजद चौथे आरोपी अशरफ की भूमिका की पड़ताल की जा रही है, और CBI पूरे प्रकरण में लेनदेन व बैंक ऋण प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


