देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार / पथरी / शिवगढ़: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर बुलाई गई पंचायत के दौरान जमकर विवाद हो गया। इस दौरान सहायक समाज कल्याण अधिकारी कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आई हैं। घटना के बाद पंचायत में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
छुट्टी पर गांव आए थे अधिकारी, प्रेम प्रसंग विवाह को लेकर बुलाई गई थी पंचायत
जानकारी के मुताबिक, शिवगढ़ गांव निवासी कमलेश पौड़ी गढ़वाल जिले के जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके परिवार का एक युवक गांव की ही युवती के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागकर शादी कर चुका है। बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल को हाईकोर्ट से सुरक्षा प्रदान करने के आदेश भी मिले हुए हैं।
पंचायत में विवाद के दौरान चाकू से हमले का आरोप, घायल का मेडिकल
इस मामले को लेकर युवती पक्ष के ग्रामीणों ने गांव में पंचायत बुलाई थी, जिसमें कमलेश भी मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आईं। अचानक हुए हमले से पंचायत में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कमलेश का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार मामले में तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


