देवभूमि जन हुंकार, बागेश्वर / कुमाऊं: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार में बड़ी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी बीच छोटी बेटी के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
21 नवंबर की सुबह 3 बजे से युवती लापता, साढ़े सात तोला जेवर भी गायब
मिली जानकारी के अनुसार, बागेश्वर के बिलौना गांव निवासी भुवन चंद्र मिश्रा की करीब 20 वर्षीय छोटी बेटी 21 नवंबर की सुबह लगभग 3 बजे घर से बिना बताए चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई। युवती का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।
परिवार का आरोप है कि युवती एक युवक के साथ गई है। वहीं, घर में बड़ी बेटी की शादी के लिए रखे करीब साढ़े सात तोला सोने के जेवर भी गायब मिले हैं। इनमें सोने के झुमके, नथ और मांग टीका शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार में बड़ी बेटी की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और बारात के लिए हल्द्वानी जाने की तैयारी थी, लेकिन छोटी बेटी के लापता होने और जेवर गायब होने की घटना ने परिवार की खुशियों को चिंता में बदल दिया।
परिजनों ने लगाए आरोप, जिलाधिकारी से की शिकायत
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि जिस युवक पर युवती को अपने साथ ले जाने का संदेह है, उसके पिता पुलिस विभाग में तैनात हैं। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी से भी शिकायत की है।
यह भी पढ़ें: सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का औचक छापा, फटे बेड और गंदगी देख भड़के जिलाधिकारी
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, अपर उपनिरीक्षक मोहन सिंह रावत को जांच
मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी अपर उपनिरीक्षक मोहन सिंह रावत को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जबकि फिलहाल परिवार को अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी और गायब हुए जेवरों की बरामदगी का इंतजार है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


