हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बुधवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की खराब स्थिति और रैन बसेरे में अव्यवस्थाएं देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से बातचीत की और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सर्जरी वार्ड में निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए लगाए गए बेड की हालत बेहद खराब मिली। कई बेड पूरी तरह फटे हुए थे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को बेड तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
वहीं, मरीजों को अस्पताल से दवाइयां उपलब्ध कराने के बजाय बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायत पर भी जिलाधिकारी ने गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को मिलना चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से बाहर से दवाइयां न खरीदनी पड़ें।
जिलाधिकारी ने रैन बसेरे की व्यवस्था सुधारने, अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने और अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और सुशीला तिवारी अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) भी मौजूद रहे।
डीएम के इस औचक निरीक्षण के बाद अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इन खामियों को कितनी जल्दी दूर करता है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कब तक मिल पाती हैं।


