
देवभूमि जन हुंकार, तल्ला ओखलकांडा/खनस्यूं (नैनीताल – 25 अगस्त 2026): जनपद नैनीताल अंतर्गत थाना खनस्यूं क्षेत्र के ग्राम तल्ला ओखलकांडा में अपनी पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर नृशंस हत्या करने और मासूम बच्चों को धमकाकर फरार होने वाले अभियुक्त भीम सिंह को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त को काठगोदाम के पास से दबोचकर न्यायालय में पेशी के उपरांत जेल भेज दिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 22 अगस्त 2026 को थाना खनस्यूं पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तल्ला ओखलकांडा में भीम सिंह पुत्र मानसिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी है।
विवेचना के दौरान रोंगटे खड़े कर देने वाला सच सामने आया। अभियुक्त ने अपने ही चार छोटे-छोटे मासूम बच्चों की आंखों के सामने अपनी पत्नी पर डंडों एवं चम्मच आदि से अंधाधुंध वार किए, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। खौफनाक बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद अभियुक्त रात भर घर पर ही शव के पास सोया रहा और अगली सुबह अपने मासूम बच्चों को जान से मारने और किसी को घटना के बारे में कुछ न बताने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
मृतका के पिता गुमान सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर थाना खनस्यूं में अभियुक्त भीम सिंह के विरुद्ध हत्या की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की सूचना पर खनस्यूं पुलिस बल एवं हल्द्वानी से आई फॉरेंसिक फील्ड यूनिट ने क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में घटनास्थल को सील करते हुए आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष खनस्यूं अनीस अहमद के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीमों ने संभावित जंगलों, रिश्तेदारों और मार्गों पर सघन दबिश दी। कुशल पतारसी-सुरागरसी के क्रम में दिनांक 24 अगस्त 2026 को अभियुक्त भीम सिंह को वडियाड लूगड़ (काठगोदाम) के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त भीम सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह अत्यधिक शराब के नशे का आदी था। उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य से अवैध संबंध होने का गहरा शक था, जिसके चलते घर में लगातार विवाद होता था। इसी आक्रोश में आकर उसने पत्नी के साथ इतनी गंभीर मारपीट की कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अभियुक्त को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




