
देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (नैनीताल): कुमाऊं के मुख्य प्रवेश द्वार हल्द्वानी में बेहद हृदयविदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शहर में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के कुछ ही समय बाद उसकी 16 वर्षीय कथित प्रेमिका की भी मौत हो गई। किशोरी का शव काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत वाटिका एंक्लेव स्थित एक स्थानीय व्यापारी की कोठी के कमरे से बरामद हुआ। एक ही दिन में कुछ ही घंटों के अंतराल पर दो जिंदगियां खत्म होने से समूचे क्षेत्र में गहरा शोक और सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला मामला मुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर का है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत निवासी 25 वर्षीय विकास हल्द्वानी में किराए का कमरा लेकर रहता था और यहां राजमिस्त्री का कार्य करता था।
रविवार/सोमवार को भगवानपुर क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन मकान में विकास का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। जब मकान मालिक निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे, तब उन्होंने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।
इस घटना के कुछ ही समय बाद काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत वाटिका एंक्लेव से दूसरी दुःखद खबर आई। जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जिले के सुनगढ़ी क्षेत्र की मूल निवासी एक महिला अपने बच्चों के साथ वाटिका एंक्लेव स्थित एक बिजनेसमैन की कोठी में रहकर उसकी देखभाल करती है। महिला की 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री प्रियांशी भी अपने परिवार के साथ इसी कोठी में निवास कर रही थी, जिसका शव कोठी के एक कमरे से बरामद हुआ।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि मृतका प्रियांशी का पीलीभीत निवासी विकास के साथ कथित प्रेम संबंध था। चर्चा है कि युवक विकास की असामयिक मौत की सूचना मिलने के बाद किशोरी गहरे मानसिक आघात और सदमे में आ गई थी, जिसके बाद उसकी भी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस मामले के सभी विधिक, तकनीकी और फॉरेंसिक पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।
सूचना मिलते ही काठगोदाम और मुखानी पुलिस टीमों ने दोनों घटना स्थलों का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक और किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों और दोनों घटनाओं के आपसी संबंधों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



