
देवभूमि जन हुंकार, सूरत/गांधीनगर: गुजरात में आगामी त्योहारों के मद्देनजर लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट और पुलिस ने एक संयुक्त महा-अभियान छेड़ दिया है। इसी अभियान के तहत सूरत के कामरेज और बनासकांठा के डीसा में फैक्ट्रियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर नकली और मिलावटी घी बनाने वाले एक अंतर-जनपदीय बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया है। पूरी कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 6,000 लीटर मिलावटी घी जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत 35 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
कामरेज में ‘केवल फूड प्रोडक्ट’ पर छापा, 5,157 लीटर घी बरामद
सूरत जिले के कामरेज क्षेत्र अंतर्गत हिन्दवा इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित “केवल फूड प्रोडक्ट” नामक फैक्ट्री पर जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दबिश दी, तो वहां बड़े पैमाने पर मिलावट का गोरखधंधा चलता मिला। टीम ने मौके से 5,157 लीटर मिलावटी घी और 1,485 लीटर पाम ऑयल का जत्था बरामद किया।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि फैक्ट्री संचालक के पास खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का कोई वैध लाइसेंस तक मौजूद नहीं था।
जांच अधिकारियों के सामने यह तथ्य आया कि फैक्ट्री में बाहर से ताला लगा दिया जाता था ताकि किसी को कोई संदेह न हो, और रात के समय भीतर नकली घी तैयार करने व उसकी पैकिंग का कार्य किया जाता था।
पूछताछ में सामने आया कि पाम ऑयल, केमिकल और मिल्क पाउडर के मिश्रण से नकली घी तैयार कर उसे शहर की विभिन्न स्थानीय डेयरियों में खपाया जाता था। जहां बाजार में शुद्ध देसी घी आमतौर पर 600 से 800 रुपये प्रति लीटर बिकता है, वहीं यह सिंडिकेट इस केमिकल युक्त नकली घी को व्यापारियों को मात्र 400 रुपये प्रति लीटर में सप्लाई करता था।
कार्रवाई के तुरंत बाद फूड सेफ्टी विभाग ने फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया है। जब्त किए गए मिलावटी घी के नमूने वैज्ञानिक परीक्षण के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट प्राप्त होते ही फैक्ट्री मालिक और सिंडिकेट से जुड़े लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए कहा:
“आगामी त्योहारों में प्रदेशवासियों को शुद्ध खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट और पुलिस का विशेष अभियान निरंतर जारी है। सूरत और बनासकांठा में 35 लाख रुपये से अधिक का मिलावटी घी पकड़ा गया है। गुजरात में घी, पनीर और मावा पूरी तरह शुद्ध मिले, इसके लिए सभी होटलों, रेस्टोरेंट्स और डेयरियों की सघन जांच की जा रही है। मिलावटखोरों और जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




