Spread the love

हल्द्वानी: वन कर्मी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा; शराब के नशे में साथी ने ही कुल्हाड़ी से उतारा था मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी (नैनीताल): हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में हुई वन कर्मी की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देश और नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मृतक का साथी ही निकला, जिसने मामूली विवाद में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

क्या था मामला?

दिनांक 23 मई 2026 को पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में एक शव मिलने की सूचना से वन विभाग और पुलिस में हड़कंप मच गया था। मृतक की पहचान मेवा लाल (50 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे और वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर तैनात थे।

शराब, गाली-गलौज और फिर खूनी अंत

एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने जब मौके पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह से पूछताछ की, तो उसके बयानों में विरोधाभास मिला। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए और तिवारी सिंह को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि घटना की रात मेवा लाल और तिवारी सिंह ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। नशे में धुत होने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर तिवारी सिंह ने पास रखी कुल्हाड़ी से मेवा लाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (आला कत्ल) बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:

  • नाम: तिवारी सिंह (45 वर्ष) पुत्र जय सिंह।

  • निवासी: लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर (ऊधम सिंह नगर)।

  • हाल पता: प्लॉट संख्या-71, पीपलपड़ाव ब्लॉक, हल्द्वानी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की इस तत्परता की सराहना की है। टीम में हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता, मुखानी थानाध्यक्ष सुशील कुमार जोशी और एसआई संजीत राठौड़ सहित अन्य जवान शामिल रहे।


Spread the love

You missed