देहरादून (29 जुलाई 2026): उत्तराखंड के हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली की रहने वाली एक युवती ने एक प्रतिष्ठित परिवार के युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और 50 लाख रुपये का दहेज मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर नैनीताल की मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक समेत उसके परिवार के 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंची धाम दर्शन के बहाने नैनीताल ले गया आरोपी
पीड़ित युवती के अनुसार, उसकी मुलाकात मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी शुभम वाजपेयी से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर युवक और उसके परिजनों ने शादी का भरोसा दिया। आरोप है कि जुलाई 2025 में शुभम वाजपेयी युवती को प्रसिद्ध कैंची धाम और नैनीताल घुमाने के बहाने लेकर आया।
नैनीताल के एक होटल में ठहराव के दौरान आरोपी ने युवती को उसकी इच्छा के विरुद्ध कोई नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने जल्द ही शादी करने का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया।
यह भी पढ़ें 👉 रुद्रपुर में गैंगरेप के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़! जवाबी फायरिंग में 1 बदमाश के पैर में लगी गोली, 3 गिरफ्तार 👇
उदयपुर यात्रा के दौरान अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद एक अन्य उदयपुर यात्रा के दौरान आरोपी शुभम ने धोखे से उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वह उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने लगा और लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
यह भी पढ़ें 👉 पहली ही बारिश में दिखा 16 करोड़ की लागत से बने टौंस नदी पुल के किए गए कार्य का सच… आखिर जिम्मेदार कौन?
50 लाख रुपये दहेज की मांग और परिजनों की संलिप्तता
युवती का कहना है कि जब उसने आरोपी के परिवार से शादी की बात की, तो उसके परिजनों ने भी शुरुआत में शादी का भरोसा दिलाया। लेकिन बाद में आरोपी के माता-पिता और रिश्तेदारों ने शादी के बदले 50 लाख रुपये नकद दहेज लाने की मांग रख दी। दहेज देने से मना करने पर शादी से साफ इनकार कर दिया गया और जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।
मल्लीताल कोतवाली में BNS की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज
पहला घटनास्थल नैनीताल होने के कारण मामला मल्लीताल कोतवाली को स्थानांतरित किया गया। कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि पीड़ित युवती की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी शुभम वाजपेयी, उसके माता-पिता, बहन, जीजा और एक दोस्त समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 74, 75, 115 (2) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

