विधायक से ठगी: विंटेज कार के नाम पर रांची के जालसाज ने ऐंठे ₹4.50 लाख, देहरादून में केस दर्ज
प्राप्त सूचना के अनुसार, उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार (MLA Umesh Kumar) के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। सूचना मिली है कि रांची (झारखंड) के एक कार डीलर ने विधायक को एक विंटेज कार बेचने का झांसा देकर उनसे ₹4.50 लाख की रकम ऐंठ ली। धनराशि प्राप्त होने के बाद भी जब कार की डिलीवरी नहीं की गई, तो पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर देहरादून की राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप पर दिखाई विंटेज कार, झांसे में आकर हुआ सौदा:
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक,राजपुर थाना पुलिस को दी गई आधिकारिक तहरीर में आजाद कॉलोनी (माजरा, देहरादून) निवासी मोहम्मद असद खान ने बताया कि वह आईटी पार्क, देहरादून स्थित खानपुर विधायक उमेश कुमार के मुख्य कार्यालय प्रबंधक (ऑफिस मैनेजर) हैं। शिकायत के अनुसार, अगस्त 2025 में ‘ख्वाजा मोटर्स’ (गुलाब टावर, अपर बाजार, रांची, झारखंड) के मालिक ख्वाजा हुसैन ने विधायक उमेश कुमार के व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया। ख्वाजा हुसैन ने उन्हें एक बेहद आकर्षक पुरानी विंटेज ‘मोरिस कार’ बेचने का लुभावना प्रस्ताव दिया और व्हाट्सएप के जरिए ही कार की तस्वीरें व वीडियो भी दिखाए। कार पसंद आने पर विधायक उमेश कुमार ने डीलर की बातों पर भरोसा कर लिया और ₹4.50 लाख में कार का सौदा फाइनल हो गया।
किश्तों में दिए साढ़े चार लाख, फिर आरोपी बोला— “मैंने तो आपको धोखा दिया है”
शिकायत के हवाले से सूत्रों ने बताया कि तय सौदे के मुताबिक, पूरी धनराशि ऑनलाइन जारी होने के बाद कार की सुरक्षित डिलीवरी देहरादून में की जानी थी। विधायक की ओर से 11 अगस्त 2025 से लेकर 7 नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में पूरी ₹4.50 लाख की रकम ख्वाजा हुसैन के खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
जब पूरी रकम डंप होने के बाद कार्यालय प्रबंधक ने ख्वाजा हुसैन से कार को तत्काल देहरादून भेजने के लिए कहा, तो आरोपी के जवाब ने उनके होश उड़ा दिए। आरोपी ख्वाजा हुसैन ने साफ लफ्जों में कहा कि उसने कार बेचने के बहाने केवल धोखा देकर यह धनराशि ली है। शातिर जालसाज ने पैसे हड़पने की बात कबूलते हुए न तो विंटेज कार भेजने और न ही विधायक की रकम वापस करने की दो टूक बात कहकर फोन काट दिया।
राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस:
वाहन बेचने के नाम पर हुई इस धोखाधड़ी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजपुर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, थानाध्यक्ष राजपुर पी.डी. भट्ट ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यालय प्रबंधक मोहम्मद असद खान से प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी ख्वाजा हुसैन (निवासी ख्वाजा मोटर्स, रांची, झारखंड) के विरुद्ध संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले के अनावरण के लिए बैंक खातों के विवरण और व्हाट्सएप चैट को खंगाला जा रहा है, साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।





