
देवभूमि जन हुंकार, लालकुआं (नैनीताल – 19 अगस्त 2026): लालकुआं कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को जबरन कार में बैठाकर जंगल में ले जाने, बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की निशान मैग्नाइट कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को वादी दीपक सिंह बिष्ट पुत्र प्रयाग सिंह बिष्ट, निवासी ग्राम बकुलिया किशनपुर सकुलिया (पोस्ट मोटाहल्दू, जिला नैनीताल) ने थाना लालकुआं में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि अभियुक्तगण द्वारा वादी दीपक सिंह बिष्ट एवं उनके साथी अनिरुद्ध बिष्ट पुत्र प्रद्युम्न बिष्ट (निवासी बकुलिया मोतीनगर) को जबरन अपनी कार में बैठाया गया और सुनसान जंगल क्षेत्र में ले जाकर बंधक बना लिया गया। वहां आरोपियों ने दोनों के साथ लाठी-डंडों से गंभीर मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं।
तहरीर के आधार पर थाना लालकुआं में एफआईआर संख्या 126/2026, धारा 127(2), 3(5), 115(2), 351(2) एवं 352 भारतीय न्याय संहिता (BNS, 2023) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस उपाधीक्षक लालकुआं विमल प्रसाद एवं प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम द्वारा नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
19 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर निम्नलिखित 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया:
-
बलवन्त सिंह बिष्ट उर्फ गुड्डू पुत्र महेन्द्र सिंह बिष्ट, निवासी सूफी भगवानपुर, मोटाहल्दू, थाना लालकुआं।
-
कमल सिंह बिष्ट उर्फ सोमी पुत्र हरीश चन्द्र सिंह, निवासी सूफी भगवानपुर, मोटाहल्दू, थाना लालकुआं।
-
दीपक जोशी पुत्र रमेश चन्द्र जोशी, निवासी पदमपुर देवरिया/सूफी भगवानपुर, मोटाहल्दू, थाना लालकुआं।
-
मोहित कुमार पुत्र मनोज कुमार, निवासी मोतीनगर चौराहे के पास, अर्जुनपुर हल्दूचौड़, थाना लालकुआं।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की निशान मैग्नाइट कार (पंजीकरण संख्या UK04AK 1293) को भी बरामद कर सीज कर दिया है। पकड़े गए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




