Spread the love

देहरादून:(बड़ी खबर) राज्य में नई पाठ्यचर्या को मंजूरी

स्कूलों में अब 240 दिन पढ़ाई और 20 दिन परीक्षा होगी

देहरादून। उत्तराखंड में विद्यालयी शिक्षा को नई दिशा देने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत तैयार की गई पाठ्यचर्या को राज्य स्तरीय टास्क फोर्स ने मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद राज्यभर के स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

नई व्यवस्था के अनुसार अब स्कूलों में सालभर में 240 दिन नियमित पढ़ाई होगी, जबकि परीक्षाओं के लिए 20 दिन निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक सप्ताह छात्रों को 32 घंटे का शैक्षणिक समय मिलेगा। वहीं, सहशैक्षणिक गतिविधियों और ‘बस्ता रहित दिवस’ के लिए 10-10 दिन तय किए गए हैं।

सचिवालय में आयोजित बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में यह रूपरेखा तय की गई। मंत्री ने बताया कि एनईपी-2020 में कुल 297 कार्य निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 202 कार्य राज्यों द्वारा लागू किए जाने हैं।

नई पाठ्यचर्या को पांच प्रमुख हिस्सों में विभाजित किया गया है। पहले हिस्से में विद्यालयी शिक्षा के उद्देश्य और लक्ष्यों की स्पष्टता को रखा गया है, ताकि छात्रों में आवश्यक मूल्य, कौशल और दक्षताओं का विकास हो सके। दूसरे हिस्से में मूल्य आधारित शिक्षा, पर्यावरणीय संवेदनशीलता, समावेशी दृष्टिकोण और परामर्श जैसी महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है। तीसरे हिस्से में विषयों का चयन, शिक्षण मानक और मूल्यांकन से जुड़े दिशा-निर्देशों को समाहित किया गया है। चौथे हिस्से में विद्यालयी संस्कृति और सहशैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार पर ध्यान दिया गया है, जिससे बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। जबकि पांचवें हिस्से में शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र, सेवा-शर्तें तथा समुदाय और परिवार की भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया है।


Spread the love