सरकारी विज्ञापन
Fri. Oct 9th, 2026
Spread the love

ककड़ी खाने से बिगड़ी नौ लोगों की तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती

लोहाघाट (चंपावत)। गुरुवार को नगर में एक ही परिवार के छह सदस्यों समेत नौ लोग अचानक बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि सभी ने ककड़ी खाने के बाद उल्टियां शुरू कर दीं। सभी मरीजों को उपजिला अस्पताल लोहाघाट में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ मार्ग पर रहने वाले दिनेश चंद्र पंत का परिवार गुरुवार को चंपावत से आधार कार्ड का काम निपटाकर लोहाघाट लौट रहा था। रास्ते में मानेश्वर के पास से उनके पुत्र पंकज पंत ने तीन ककड़ियां खरीदीं। घर लौटकर परिवार और साथ मौजूद राजमिस्त्री समेत सभी ने ककड़ी खाई।

कुछ देर बाद ही दिनेश चंद्र पंत (55), उनकी पत्नी राधा देवी (51), पुत्र पंकज पंत (26), पुत्री दीपिका पंत (23), बहू सुमन भट्ट (31), पोती वेदिका (3) और पौत्र आरव (1) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके अलावा घर पर काम कर रहे रघुवर कुमार (32), राधेश्याम (30) और धनश्याम (25) को भी उल्टियां होने लगीं।

पास में रहने वाले लोगों ने तुरंत सभी को बाइक और कारों से उपजिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि सभी का समय पर इलाज कर दिया गया है। एक बच्चे को एहतियातन चंपावत रेफर किया गया था, लेकिन बाद में वह भी ठीक होकर वापस आ गया। डॉक्टर के अनुसार ककड़ी में टॉक्सिन होने की आशंका है।

इधर, मामले की जानकारी मिलने पर एसएसआई भुवन चंद्र आर्या ने बताया कि ककड़ी बेचने वाले व्यक्ति से पूछताछ की गई है और उसकी सारी ककड़ियां बाजार से हटा दी गई हैं।


Spread the love