देवभूमि जन हुंकार, नई दिल्ली / नैनीताल: राजधानी दिल्ली के सरिता विहार इलाके से झकझोर देने वाली और दुखद खबर सामने आ रही है। दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस के लिए रोड नंबर-13 पर सीसीटीवी कैमरे लगा रहे चार कर्मचारियों को एक तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने कुचल दिया। इस भीषण हादसे में चारों कर्मचारियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक युवक उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के मुक्तेश्वर का रहने वाला था, जो अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहा था।
क्रेन पर चढ़कर कैमरे लगा रहे थे एएबी मैटिका कंपनी के कर्मी
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, एएबी मैटिका प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी तड़के करीब 3:20 बजे सरिता विहार के रोड नंबर-13 पर ट्रैफिक पुलिस के निर्देशानुसार सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का कार्य कर रहे थे।
कर्मचारी सड़क किनारे खड़ी एक क्रेन पर चढ़कर ऊपर खंभों के पास कैमरे कस रहे थे। इसी दौरान नोएडा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने क्रेन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि इसके बाद डंपर पास ही सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से भी जा भिड़ा। इस अप्रत्याशित हादसे से वहां चीख-पुकार मच गई।
उत्तराखंड के मुक्तेश्वर निवासी HR मैनेजर सूरज की भी गई जान
इस खौफनाक दुर्घटना में कुल 6 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान चार ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
-
उमेश (आयु 23 वर्ष)
-
प्रवीण (आयु 35 वर्ष)
-
अनूप (आयु 26 वर्ष)
-
सूरज (आयु 34 वर्ष)
हादसे में जान गंवाने वाले एएबी मैटिका प्राइवेट लिमिटेड के HR और एडमिन मैनेजर सूरज मूलरूप से उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के अंतर्गत नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के रहने वाले थे। सूरज अपनी पत्नी गंगा और दो छोटे बच्चों के साथ दिल्ली के मुनरिका गांव में एक किराये के मकान में रह रहे थे। सूरज अपने बच्चों को अच्छी और बेहतर शिक्षा दिलाने का सपना लेकर ही अपने पैतृक गांव से दिल्ली आए थे, लेकिन किसे पता था कि यह अंधेरी रात उनके परिवार का सब कुछ हमेशा के लिए उजाड़ देगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सरिता विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बेकाबू डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तड़के सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद से मुक्तेश्वर स्थित सूरज के पैतृक गांव और दिल्ली स्थित उनके किराए के घर में कोहराम मचा हुआ है, तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



