हल्द्वानी: कार्यालय का शटर उखाड़कर लाखों उड़ाने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार, ₹3.17 लाख बरामद
हल्द्वानी/मुखानी: नैनीताल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर शातिर चोर को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा जनपद में अपराध नियंत्रण और दर्ज मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए दिए गए कड़े निर्देशों के क्रम में मुखानी पुलिस को यह सफलता मिली है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के कुशल मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखानी क्षेत्र में एक कार्यालय का शटर उखाड़कर लाखों की नकदी व दस्तावेज उड़ाने वाले आरोपी को लामाचौड़ खास के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से ₹3,17,500/- की भारी नकदी और पीड़ित के जरूरी दस्तावेज बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।
यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार
मामले के अनुसार, दिनांक 27 मई 2026 को हिम्मतपुर तल्ला (हल्द्वानी) निवासी वादी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात चोर ने उनके बच्ची नगर नंबर 01 स्थित कार्यालय के शटर का ताला तोड़कर अंदर रखे लगभग ₹3,50,000/- और उनके आवश्यक दस्तावेज चोरी कर लिए हैं।
इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 65/26, धारा 305(a)/331(4) बीएनएस (BNS) के तहत पंजीकृत किया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने पुलिस टीमों को सक्रिय किया और घटनास्थल के आस-पास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया।
इसके बाद मैनुअल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने अगले ही दिन 28 मई 2026 को आरोपी बबलू (उम्र 31 वर्ष, पुत्र डोरी लाल, निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, काठघरिया, हल्द्वानी; मूल निवासी- पीलीभीत, उत्तर प्रदेश) को दबोच लिया। आरोपी की जामा तलाशी में चोरी की अधिकांश रकम बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है और पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है।





