Spread the love

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुले, 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ, 4 मई। गर्मियों के लिए श्री बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार सुबह 6 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए गए। कपाट खुलने के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहला महाभिषेक कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर, आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना की। इस शुभ अवसर पर देश-विदेश से आए लगभग 15,000 श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छ और हरित चारधाम यात्रा में सहयोग की अपील भी की।

मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी चमोली श्री संदीप तिवारी से बदरीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और मंदिर परिसर के निकट निर्माण गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस एवं प्रशासन को सुरक्षा और सुविधाओं के बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने श्री हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को शीघ्र व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने गोविंदघाट में अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन पुल की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे यात्रा से पूर्व गुणवत्ता के साथ पूरा करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज, विधायक श्री किशोर उपाध्याय, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण एवं ऋषि प्रसाद सती, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।


Spread the love

You missed