
देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (नैनीताल): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा जनपद में आपराधिक गतिविधियों, अवैध हथियारों की तस्करी एवं उनके अवैध प्रयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हल्द्वानी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने उपकारागार हल्द्वानी परिसर के बाहर संदिग्ध अवस्था में खड़ी एक वरना कार से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने उपकारागार हल्द्वानी परिसर के बाहर खड़ी एक संदिग्ध वरना कार (पंजीकरण संख्या UK06R-8499) की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली।
वाहन की तलाशी के दौरान कार के भीतर से 01 अदद अवैध तमंचा (315 बोर) एवं 01 अदद जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अवैध असलहे को सील करते हुए घटना में प्रयुक्त वरना कार को भी मोटर वाहन अधिनियम व साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
-
नाम: जतिन्द्र सिंह पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह
-
उम्र: 32 वर्ष
-
निवासी: ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर
पुलिस द्वारा अभियुक्त जतिन्द्र सिंह के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोटूक कहा है कि सार्वजनिक स्थानों और जेल परिसरों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




