हल्द्वानी में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला आया सामने, 11 माह के मासूम बेटे के साथ जान बचाकर घर से भागने को मजबूर हुई महिला
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि 23 नवंबर 2026 की सुबह उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और धारदार वस्तु से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद उसे अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागना पड़ा।
शादी के बाद से ही शुरू हुआ कथित उत्पीड़न
कोतवाली हल्द्वानी में दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता हिमानी बिष्ट का विवाह 3 दिसंबर 2024 को हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसके साथ कई बार मारपीट की गई और दहेज को लेकर उसे पहले भी घर से निकाला जा चुका है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसके प्रेम विवाह को लेकर भी नाराजगी जताते थे और आए दिन उसे तथा उसके मायके वालों को अपशब्द कहकर परेशान करते थे।
10 लाख रुपये की कार के बाद बढ़ी कथित प्रताड़ना
शिकायत में बताया गया है कि पड़ोस में एक विवाह के दौरान करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार दहेज में आने के बाद पीड़िता पर भी दहेज को लेकर दबाव बढ़ा दिया गया। आरोप है कि 21 जनवरी 2026 को उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा उसे और उसके मायके वालों को जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता के मुताबिक, सितंबर 2026 में पति ने माफी मांगकर उसे दोबारा अपने साथ घर ले जाने की बात कही, लेकिन घर लौटने के बाद भी उसके प्रति ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
11 माह के मासूम के सामने बेरहमी से मारपीट का आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में सबसे गंभीर घटना का जिक्र करते हुए बताया कि 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे उसके पति, ससुर और अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसके 11 माह के मासूम बेटे के साथ मौजूदगी में ही उसे जान से मारने की धमकी दी गई और धारदार वस्तु से हमला किया गया।
इस हमले में पीड़िता के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं तथा वह खून से लथपथ हो गई। अपनी जान बचाने के लिए उसे घर से बाहर भागना पड़ा। इसके बाद उसे उपचार के लिए हल्द्वानी के बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया गया।
कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग
पीड़िता हिमानी बिष्ट ने कोतवाली हल्द्वानी में लिखित शिकायत देकर पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और दूसरे पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।


