देवभूमि जन हुंकार, नैनीताल: देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक कुमाऊं के सबसे बड़े महापर्व नंदा देवी महोत्सव का नैनीताल में आज अत्यंत भव्य और दिव्य शुभारंभ हो गया है। अष्टमी के पावन दिन माँ के दिव्य दर्शन के इस सुंदर पल का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ब्रह्ममुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के बाद जैसे ही माँ नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को दर्शनार्थियों के लिए खोला गया, मंदिर परिसर में भक्तों का हिलोरे लेता जनसैलाब उमड़ पड़ा।
शनिवार तड़के आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने पूरी पवित्रता और वैदिक परंपरा व विधि-विधान के साथ माँ नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को प्रतिष्ठापित किया। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत भव्य आरती के साथ ही भक्तों के लिए दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया।
माता के अलौकिक दर्शनों के लिए तड़के से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो सूरज चढ़ने के साथ और अधिक विशाल रूप लेती चली गईं। खचाखच भरे मंदिर परिसर में इंतजार कर रहे भक्तों को मानो मुंहमांगी मुराद मिल गई हो। श्रद्धालुओं ने मां को अक्षत, फूल और नारियल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपने परिवार के लिए धन-धान्य व सुख-समृद्धि की मन्नत मांगी। इस दौरान गूंजते वेद मंत्रों के उच्चारण से पूरा नैनीताल शहर पूरी तरह नंदा मय हो गया है।
भीड़ को नियंत्रित करने और मेले को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन तथा आयोजक संस्था श्रीराम सेवक सभा के स्वयंसेवक पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
-
बकरों का पंजीकरण: परंपरा के निर्वहन के साथ प्रशासन व पशुपालन विभाग की ओर से चढ़ावे के लिए लाए जा रहे बकरों का पंजीकरण मंदिर से 100 मीटर दूर ही सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसके बाद श्रद्धालु पूजा-अर्चना के पश्चात बकरों को वापस ले जा रहे हैं। बहुत से भक्त श्रद्धा के साथ नारियल भी चढ़ा रहे हैं।
-
सीधा प्रसारण: देश-विदेश में बैठे मां के भक्त घर बैठे दर्शन कर सकें, इसके लिए स्थानीय चैनल की ओर से महोत्सव का सीधा प्रसारण किया जा रहा है।
-
प्रशासनिक निगरानी: कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम नवाजिश खलीक, एसडीएम अनुराग आर्य सहित तहसीलदार, राजस्व विभाग और पालिका के तमाम कर्मचारी मेला क्षेत्र में लगातार सतर्क रहकर निगरानी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें ‘हल्द्वानी के 6 स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा छापा: नियमों की धज्जियां उड़ाने पर लगा जुर्माना, मचा हड़कंप
श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, कैलाश जोशी, भीम सिंह कार्की, हरीश राणा, मोहित साह सहित सभा के तमाम पदाधिकारी विभिन्न व्यवस्थाओं की कमान पूरी मुस्तैदी से संभाले हुए हैं।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




