रुड़की में टला बड़ा धमाका: हाईटेंशन लाइन गिरने से धू-धू कर जला ट्रक
दमकल कर्मियों ने सूझबूझ से टाली बड़ी तबाही, ने बचाई कई जानें
रुड़की (हरिद्वार): कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के अंतर्गत राजमहल होटल के पास सोमवार को उस वक्त बड़ा हादसा टला, जब एक खड़े ट्रक पर अचानक हाईटेंशन बिजली की लाइन टूटकर गिर गई। हाईटेंशन लाइन गिरते ही ट्रक में भयंकर और वीभत्स आग लग गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में इसकी सूचना फायर स्टेशन रुड़की को दी गई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की बिना समय गंवाए तत्काल अत्याधुनिक दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

फायर यूनिट ने मौके पर पहुंचकर देखा कि ट्रक धू-धू कर जल रहा है और उस पर गिरी बिजली की हाईटेंशन लाइन में अभी भी करंट दौड़ रहा है, क्योंकि लाइन कटी नहीं थी। बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण खतरा बेहद गंभीर था। इस पर फायर सर्विस के जांबाज जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तत्काल एक होज पाइप फैलाया और स्थिति की गंभीरता से तुरंत कंट्रोल रूम को अवगत कराया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद पुलिस की चेतक मोबाइल को तुरंत नजदीकी बिजली घर भेजा गया, जिसके बाद वहां से बिजली आपूर्ति को पूरी तरह बंद (शटडाउन) कराया गया।
यह भी पढ़ें 👉एसओजी और कुंडा पुलिस ने दबोचे 02 शातिर,पंजाब से फर्जी पतों पर बनवाए थे शस्त्र लाइसेंस
बिजली कटने के तुरंत बाद फायर यूनिट ने पानी की तेज बौछारें (पंपिंग) शुरू कीं और जलते हुए ट्रक पर चौतरफा धावा बोल दिया। फायर सर्विस की इस त्वरित और बेहद पेशेवर कार्रवाई का ही परिणाम था कि ट्रक के डीजल टैंक को फटने से समय रहते रोक लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा ब्लास्ट होने से बच गया। यदि डीजल टैंक फट जाता तो आसपास के क्षेत्र और राजमहल होटल को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूर्ण रूप से बुझाकर शांत किया गया। गनीमत यह रही कि इस पूरे भीषण हादसे में किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।
इस बेहद संवेदनशील और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने वाली फायर यूनिट की टीम में मुख्य रूप से फायरमैन (FM) अभिषेक कुमार, एफएम सुनील सिंह, एफएम हरीशचंद्र, लीडिंग फायरमैन (LFM) विपिन सैनी और ड्राइवर (DVR) विपिन सिंह शामिल रहे, जिनकी मुस्तैदी की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।





