देवभूमि जन हुंकार, लालकुआं / नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र से पुलिस की मुस्तैदी और एक शातिर चोर गिरोह के खुलासे की बड़ी खबर सामने आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के अनुक्रम में लालकुआं पुलिस ने हल्दूचौड़ क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए 01 शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 25,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बंद मकान को बनाया था निशाना
प्राप्त विवरण के अनुसार, वादिनी श्रीमती कलावती भट्ट (पत्नी स्वर्गीय श्री जय किशन भट्ट, निवासी जागनाथ भवन, अंबिकापुरम, न्यू गोता रोड, हल्दूचौड़) ने लालकुआं थाने में तहरीर दी थी कि वह लगभग दो महीने पूर्व उपचार हेतु अपनी पुत्री के पास बेंगलुरु गई थीं। उनके घर पर कोई मौजूद नहीं था।
दिनांक 04 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। इस तहरीर के आधार पर लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस टीमों का गठन और शातिर यासीन की गिरफ्तारी
घटना के अनावरण और अभियुक्तों की सुरागरसी के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजभूषण राणा के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने 19 सितंबर 2026 को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से अभियुक्त यासीन को चोरी के माल सहित धर दबोचा।
-
गिरफ्तार अभियुक्त: यासीन पुत्र सफी अहमद, निवासी— डोंगपुरी, सरदारनगर चौराहे के पास, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 35 वर्ष।
पूछताछ में सामने आया चोरी का हैरान करने वाला तरीका
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त यासीन ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू (निवासी डोंगपुरी, गदरपुर) के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाता था।
दिन के समय वे दोनों पेंट का काम तलाशने के बहाने गलियों में घूमकर बंद और सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात्रि में लगभग 12:00 से 01:00 बजे के बीच, जब आसपास के लोग गहरी नींद में सो जाते थे, तब वे बंद मकानों का ताला सरिया आदि से तोड़कर चोरी की इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देते थे।
फरार साथी आबिद का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल दूसरा अभियुक्त आबिद उर्फ लालू अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। फरार अभियुक्त आबिद का बहुत बड़ा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में हल्द्वानी और लालकुआं थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं:
-
मु0अ0सं0-348/2023, धारा 379/454 भादवि, थाना हल्द्वानी
-
मु0अ0सं0-346/2023, धारा 380/457/411 भादवि, थाना हल्द्वानी
-
मु0अ0सं0-192/2024, धारा 380/457/411 भादवि, थाना हल्द्वानी
-
मु0अ0सं0-193/2024, धारा 380/457/411 भादवि, थाना हल्द्वानी
-
मु0अ0सं0-472/2021, धारा 457/34/411 भादवि, थाना हल्द्वानी
-
मु0अ0सं0-467/2021, धारा 457/34/411 भादवि, थाना हल्द्वानी
-
मु0अ0सं0-89/2025, धारा 305(A)/304/317(2) बीएनएस, थाना लालकुआं
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
-
पीली धातु की फूलदार अंगूठी – 01
-
चांदी का मंगलसूत्र – 01
-
चांदी की पायल – 01 जोड़ी
-
चांदी के बिछुए – 02 जोड़ी
-
सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त नकदी – ₹25,000/-
इस बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS-2023 की बढ़ोतरी कर दी गई है। लालकुआं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अभियुक्त आबिद को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




