Spread the love

कांग्रेस पार्टी की कड़ी निंदा, गढ़वाली समुदाय के खिलाफ भाजपाई अभद्र भाषा पर उठाया सवाल

संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर: ऋषिकेश नगर निगम चुनाव परिणाम के बाद भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के कार्यकर्ताओं द्वारा गढ़वाली समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने की कांग्रेस पार्टी ने कड़ी निंदा की है। कांग्रेस का कहना है कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर उत्तराखंड राज्य निर्माण तक, गढ़वाल और कुमाऊं के लोगों ने अपार बलिदान दिया है। इस तरह की भाषा का प्रयोग न केवल राज्य के सौहार्दपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश है, बल्कि यह भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की पर्वतीय क्षेत्र के प्रति सोच को भी उजागर करता है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच गोलीकांड और गाली-गलौज की घटनाओं से राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था और सियासी संरक्षण प्राप्त गुंडाराज का पर्दाफाश हुआ है। सोशल मीडिया पर भाजपा के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैम्पियन को हथियार से गोली चलाते हुए और उमेश कुमार को हवा में पिस्टल लहराते हुए देखा गया है।

कांग्रेस ने इस घटना को राज्य की बिगड़ी कानून व्यवस्था और भाजपा के संरक्षण प्राप्त अपराधियों का उदाहरण बताया। बागेश्वर जिला कांग्रेस कमेटी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि राज्य का सौहार्दपूर्ण माहौल बिगाड़ने के प्रयासों के खिलाफ कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि गढ़वाल और कुमाऊं के लोगों का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा, और अगर जरूरी हुआ तो इसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।


Spread the love

You missed