दमुवाढूंगा में डंपर से पलटी रेत के ढेर से निकला युवक का शव: स्टोन क्रेशर में लोडिंग के दौरान रेत में दबा था हेल्पर; सनसनी 👇
हल्द्वानी/दमुवाढूंगा (27 जुलाई 2026): नैनीताल जिले के दमुवाढूंगा स्थित चौफुला क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर कवरिंग निर्माण स्थल पर अनलोड की गई रेत के ढेर से एक युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) मनोज कत्याल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान बिंदुखत्ता के इंदिरा नगर (हाटाग्राम) निवासी मदन सिंह के 30 वर्षीय पुत्र पवन सिंह के रूप में हुई है। पवन लालकुआं स्थित एक स्टोन क्रेशर से खनन सामग्री ढोने वाले डंपर में बतौर हेल्पर कार्यरत था।
कैसे घटी यह खौफनाक दुर्घटना?
मृतक के भाई विक्रम सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार को लालकुआं स्थित स्टोन क्रेशर में खनन सामग्री लोड की जा रही थी। डंपर चालक के अनुपस्थित होने पर पवन खुद गाड़ी को लोडिंग प्वाइंट तक ले गया। वहाँ डंपर के डाले में पट्टा फंसाने के दौरान लोडिंग मशीन संचालक (जेसीबी/पोकलैंड ऑपरेटर) अनजाने में रेत भरने लगा।
रेत के भारी मलबे के नीचे पवन दब गया और मौके पर मौजूद किसी भी कर्मचारी को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
स्टोन क्रेशर से चौफुला तक रेत के साथ पहुँचा शव
काफी देर तक जब मूल चालक नहीं पहुंचा, तो दूसरे चालक ने गाड़ियां बदलकर डंपर को दमुवाढूंगा के चौफुला स्थित नहर कवरिंग निर्माण स्थल पर खाली कर दिया। रेत अनलोड करते समय भी किसी को रेत के अंदर शव होने का जरा भी अंदेशा नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें 👉 NEET विवाद में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा; क्या सिर्फ चेहरों के बदलने से लौट आएगी 24 लाख छात्रों के भरोसे की साख? 👇
मजदूरों को दिखा रेत से बाहर निकला हाथ, तब हुआ सनसनीखेज खुलासा
सोमवार को जब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने काम शुरू किया और रेत उठानी शुरू की, तो उन्हें रेत के ढेर से बाहर निकला एक इंसानी हाथ दिखाई दिया। यह देखते ही मजदूरों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेत हटवाकर शव को बाहर निकाला।
एसपी सिटी मनोज कत्याल का बयान: जांच में जुटी पुलिस
मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया:
“प्रथम दृष्टया युवक की मृत्यु स्टोन क्रेशर में लोडिंग के दौरान रेत में दबने (दम घुटने) के कारण होना प्रतीत हो रही है। मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और क्रेशर प्रबंधन व लोडिंग ऑपरेटर की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।”
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


