हल्द्वानी में कांग्रेस का हल्ला बोल। कथित वोट चोरी के विरोध में विधायक सुमित हृदयेश और महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन.

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल / देहरादून: उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में उस वक्त सरगर्मी तेज हो गई जब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भारत निर्वाचन आयोग के भीतर कथित ‘वोट चोरी’ और चुनावी प्रक्रियाओं में अनियमिताओं के गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया।
तिकोनिया चौराहे से बुद्ध पार्क तक निकला विशाल विरोध मार्च
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया चौराहे से एक उग्र विरोध मार्च निकाला।
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बुद्ध पार्क पहुंचे। यहाँ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने साफ तौर पर मांग उठाई कि मतदाता सूची में पारदर्शिता बरती जाए, निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाया जाए, और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को उनके पद से तत्काल बर्खास्त किया जाए।
लोकतंत्र की बुनियाद जनता के मताधिकार पर टिकी है— सुमित हृदयेश
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने प्रदर्शन के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कड़े शब्दों में कहा कि निर्वाचन आयोग देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सर्वोच्च संवैधानिक संस्था है। इसलिए इसकी कार्यप्रणाली और निष्पक्षता को लेकर जब भी सवाल उठते हैं, तो उसका स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब सामने आना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कहा, “मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसी प्रक्रियाओं को लेकर जो गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, उनकी निष्पक्ष समीक्षा आवश्यक है। लोकतंत्र की पूरी बुनियाद जनता के मताधिकार पर टिकी है। प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मत का प्रयोग करने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।” उन्होंने मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अविलंब पद से हटाया जाए और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की स्वतंत्र जाँच हो।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का सबसे बड़ा आधार होती है। यदि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया जाता है, तो यह सीधे तौर पर उसके मौलिक और संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर प्रहार है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर मतदाताओं के अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए। उनके कार्यकाल में लिए गए कथित एकतरफा निर्णयों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा कराई जाए। मतदाता सूची में किए गए बदलावों की निष्पक्ष जांच एवं समीक्षा की जाए। SIR प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। किसी भी पात्र नागरिक को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित न किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है। प्रत्येक मतदाता का वोट सुरक्षित रहना और मतदाता सूची में उसका नाम सुनिश्चित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल आवश्यकता है। कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े इन मुद्दों को जनता के बीच उठाती रहेगी।
इस विरोध प्रदर्शन में हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, ललित जोशी, डॉ. केदार पलड़िया, राजेंद्र बिष्ट, पार्षद नीमा भट्ट, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, रत्ना श्रीवास्तव, कमला सनवाल, राधा आर्य, मंजू पांडे, प्रकाश पांडे, नरेश अग्रवाल, दयाल तिवारी, संजू पाना, हिमांशु जोशी, दीप पाठक, जीवन कार्की, हेमंत शर्मा, एडवोकेट धर्मवीर, प्रदीप नेगी, गिरीश पांडे, जगमोहन बगड़वाल, कैलाश शाह, त्रिलोक बनोली, गोविंद बगड़वाल, राजू सुयाल, कौशलेंद्र भट्ट, संजू उप्रेती, मोहम्मद इमरान, रिजवान हुसैन, मनोज भट्ट, हेम जोशी, प्रदीप बिष्ट, संदीप भैसोड़ा, देवेश तिवारी, देवेंद्र बिष्ट, मनोज खुल्बे, मन्नू गोस्वामी, बबलू बिष्ट, शंकर कोहली, चंदन भाकुनी, विक्की छिमवाल, विनय भट्ट, मोहित दुर्गापाल, अभिनव मिश्रा, आकाश जंगपागी, सुधांशु कुमार, कमल कुमार, जितेंद्र बिष्ट, शाद अली एवं गौरव बलुटिया समेत भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें




