Spread the love

चारधाम हेली बुकिंग के नाम पर ठगी: उत्तराखंड STF ने बिहार से दबोचे 2 शातिर साइबर ठग, लाखों की धोखाधड़ी

देहरादून: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और जेब से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने इस संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के नालंदा और शेखपुरा से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह गिरोह चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ हेली सेवा की फर्जी बुकिंग के नाम पर देशभर के मासूम श्रद्धालुओं से लाखों रुपये की साइबर ठगी कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से इस गिरोह के देशभर में फैले नेटवर्क के अहम सुराग मिले हैं और कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय सिंह ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए विशेष तौर पर गठित ‘चारधाम यात्रा एंटी हेली फ्रॉड सेल’ लगातार सोशल मीडिया, संदिग्ध वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है। इसी मॉनिटरिंग के दौरान पता चला कि एक शातिर साइबर गिरोह फर्जी फेसबुक पेज, व्हाट्सएप नंबर और बैंक खातों के माध्यम से श्रद्धालुओं को हेली सेवा बुकिंग का झांसा देकर ठग रहा है।

इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में एसआई राजीव सेमवाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेनदेन और मोबाइल डेटा के आधार पर एसटीएफ की एक विशेष टीम ने बिहार में छापेमारी कर दो आरोपियों को धर दबोचा।

यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (निवासी शेरपुर, बिहार शरीफ, नालंदा) तथा विजित कुमार उर्फ मिकी (निवासी शेखपुरा, बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ और जांच में सामने आया कि ये आरोपी हेली सेवा टिकट बुकिंग के नाम पर लोगों को फर्जी टिकट जारी कर मोटी रकम ऐंठते थे।

एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, दो सिम संबंधी दस्तावेज, एक पैन कार्ड तथा [Aadhaar Redacted] संबंधी दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉 जसपुर: 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार; ‘सफेद दाढ़ी’ वाले कक्का सिंह को पुलिस ने दबोचा

एसटीएफ का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी होगी। इसी बीच पुलिस अधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे हेली सेवा की बुकिंग केवल सरकार द्वारा घोषित आधिकारिक पोर्टल और प्रामाणिक माध्यमों से ही कराएं ताकि किसी भी प्रकार की ठगी से बचा जा सके।


Spread the love