रामनगर: ‘ऑपरेशन प्रहार’ में अवैध 12 बोर तमंचे व कारतूस के साथ बाजपुर का युवक गिरफ्तार
रामनगर (नैनीताल): जनपद नैनीताल में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। इसी क्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार के पर्यवेक्षण में रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में कोतवाली रामनगर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दिनांक 29 मई 2026 को पुलिस टीम ने वन निगम ग्राउंड, गुल्लरघट्टी के पास से एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर दबोच लिया।
यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय ताहिर (पुत्र हसनैन, निवासी कनोरी, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा ली गई जामा तलाशी में आरोपी के कब्जे से एक अदद 12 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त करते हुए आरोपी ताहिर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 167/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





