Spread the love

प्रश्नपत्र लेकर भागा छात्र पहुंचा माफी मांगने, कॉलेज प्रशासन ने चेतावनी के साथ छोड़ा

प्रश्नपत्र चोरी के आरोपी की फुटेज से हुई पुष्टि, रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में बीए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान एक असामान्य घटना सामने आई, जब एक छात्र परीक्षार्थी का प्रश्नपत्र लेकर कक्ष से बाहर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया, जिसके बाद गुरुवार को छात्र स्वयं प्राचार्य के समक्ष माफी मांगने पहुंचा।

प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने जैसे ही छात्र को देखा, उसका कड़ा फटकार के साथ स्वागत किया। छात्र हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा और गलती दोहराने का आश्वासन देते हुए क्षमा याचना की। परीक्षा समिति के सदस्यों की उपस्थिति में छात्र से लिखित माफीनामा लिया गया और सख्त चेतावनी के साथ उसे छोड़ा गया।

यह घटना बुधवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय की अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा के दौरान घटी थी। छात्र अचानक एक परीक्षार्थी का प्रश्नपत्र लेकर भाग निकला। फ्लाइंग ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे परिसर में पकड़ लिया और प्रश्नपत्र वापस ले लिया। उस समय छात्र माफी मांगकर कॉलेज से फरार हो गया था।

घटना की जानकारी मिलने पर प्राचार्य प्रो. बनकोटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए और परीक्षा समिति से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। उन्होंने गुरुवार को दोषी छात्र पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे।

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया है। अब परीक्षार्थियों को केवल मध्य गेट से जांच के बाद ही परिसर में प्रवेश मिलेगा। बाहरी व्यक्तियों और गैर-परीक्षार्थियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

हालांकि, प्रशासन की इस सख्ती का कुछ छात्र नेताओं ने विरोध किया। जबरन मुख्य गेट से प्रवेश करने की कोशिश के दौरान कर्मचारियों से बहस हुई, जिस पर प्राध्यापकों ने उन्हें जमकर फटकार लगाई।

प्राचार्य प्रो. बनकोटी ने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक हैं और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Spread the love

You missed