हल्द्वानी में कूड़े के पहाड़ों से मिलेगा छुटकारा: महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया ‘लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट’ का शुभारंभ, 24 घंटे होगी निगरानी! 👇
हल्द्वानी, 13 जुलाई 2026। नगर निगम हल्द्वानी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोमवार को लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का शुभारंभ किया। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विधिवत प्लांट का उद्घाटन कर वर्षों से डंपिंग स्थल पर जमा लीगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण कार्य की शुरुआत कराई।
इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता डंपिंग स्थल पर वर्षों से एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से डंपिंग स्थल के पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त होगा और शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
महापौर ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि प्रोसेसिंग कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही सभी पर्यावरणीय एवं वैधानिक मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी चंद्रशेखर टोलिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नगर निगम हल्द्वानी ने इस अवसर पर शहरवासियों से स्वच्छता अभियान एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सक्रिय सहयोग की अपील की। निगम ने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल हल्द्वानी के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।
