चमोली के देवाल-लोहाजंग मार्ग पर ल्वाणी के पास खाई में गिरी ईको कार का रेस्क्यू करती डीडीआरएफ और पुलिस टीम
Spread the love

चमोली में भीषण त्रासदी: शव लेकर गांव आ रहे परिजनों की कार 400 मीटर खाई में गिरी, 3 की मौत, 3 गंभीर

चमोली/थराली: उत्तराखंड के चमोली जिले से शनिवार की सुबह एक बेहद हृदयविदारक और दोहरी त्रासदी वाली खबर सामने आई है। यहाँ देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग पर ल्वाणी के घने जंगलों के पास एक अनियंत्रित ईको कार सड़क से करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस वाहन में सवार लोग देहरादून में जान गंवाने वाले अपने एक पारिवारिक सदस्य के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए गांव ला रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और शवयात्रा के साथ चल रहा परिजनों का वाहन खुद काल का ग्रास बन गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र और पैतृक गांव में कोहराम मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना शनिवार तड़के सुबह करीब 4:00 बजे की है। ग्राम बांक (लोहाजंग) निवासी बलबीर सिंह अपने परिवार के सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह (पुत्र प्रेम सिंह) के पार्थिव शरीर को देहरादून से एक निजी एंबुलेंस के माध्यम से गांव ला रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार

एंबुलेंस के पीछे-पीछे बलबीर सिंह स्वयं अपनी ईको वैन से परिवार के अन्य 5 सदस्यों के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव लौट रहे थे। ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में अचानक चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन बेकाबू होकर सीधे 400 मीटर गहरी खाई में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही देवाल के उपनिरीक्षक संदीप देवरानी ने तत्काल थानाध्यक्ष थराली को मामले से अवगत कराया। थानाध्यक्ष मय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और उपजिलाधिकारी (SDM) को सूचित करते हुए डीडीआरएफ (DDRF) टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया। पुलिस, डीडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर संयुक्त रूप से बेहद मुश्किल राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

यह भी पढ़ें 👉 जसपुर: 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार; ‘सफेद दाढ़ी’ वाले कक्का सिंह को पुलिस ने दबोचा

कार में सवार तीन लोगों के शवों को बाहर निकाला गया, जबकि तीन अन्य बुरी तरह लहूलुहान घायलों को तुरंत खाई से रेस्क्यू कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया। घायलों की बेहद नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें एयर एंबुलेंस (Heli-Ambulance) के जरिए उच्च स्तरीय इलाज के लिए देहरादून भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और दुर्घटना के कारणों की अग्रिम जांच की जा रही है।


Spread the love