काफलिगैर–कनारीछीना लिंक रोड
Spread the love

काफलिगैर–कनारीछीना लिंक रोड खस्ताहाल, हादसे का खतरा बढ़ा

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के रीठागाड़ क्षेत्र में काफलिगैर–कनारीछीना लिंक सड़क मार्ग की हालत बेहद खराब हो गई है। नौगांव से कनारीछीना तक करीब दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग, जिसे पांच साल पहले पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान द्वारा बनवाया गया था, अब जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है।

बरसात के दौरान सड़क पर लगातार मलबा आने से आवागमन बाधित हो रहा है। दो वर्ष पहले रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के अध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता बहादुर सिंह डसीला के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगाकर मलबा हटवाया था, लेकिन अब फिर से सड़क की स्थिति बदहाल हो गई है।

स्थानीय निवासी प्रताप सिंह नेगी और बहादुर सिंह डसीला ने खंड लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से संपर्क कर सड़क की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने लोकेशन और वीडियो मांगे, लेकिन अब तक मौके पर जेसीबी नहीं भेजी गई है।

इस मार्ग से आम जनता के साथ-साथ नौगांव इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं रोजाना गुजरते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क केवल नौगांव से कनारीछीना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके सुधारीकरण से अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्रों के लोग भी लाभान्वित होते हैं। ऐसे में प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।


Spread the love