Spread the love

लालकुआं पुलिस ने दबोचा बरेली का शातिर नकबजनी, ₹35 लाख के आभूषण बरामद, 3 बड़ी चोरियों का खुलासा

लालकुआं (नैनीताल): एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ जारी ‘ऑपरेशन प्रहार’ को आज एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। लालकुआं पुलिस ने बिन्दुखत्ता क्षेत्र में सक्रिय एक बेहद शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹35 लाख से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में वर्ष 2025 और 2026 में हुई तीन सनसनीखेज चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण कर दिया है।

बिन्दुखत्ता निवासी श्रीमती चन्द्रा देवी के घर में 19 मई 2026 को हुई बड़ी चोरी के बाद, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई थी। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सुराग जुटाते हुए लगभग 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

कड़ी मेहनत और इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर बरेली निवासी भानु प्रताप को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह दिन के समय पैदल घूमकर बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका पाकर ताले तोड़कर नकदी व जेवरात पार कर देता था।

पुलिस तब दंग रह गई जब तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास मौजूद एक पंखानुमा हीटर के भीतर से सोने के आभूषण बरामद हुए। शातिर चोर ने हीटर की निचली प्लेट खोलकर उसके अंदर 20 तोला पीली धातु के गहने छिपा रखे थे। पुलिस ने भानु के कब्जे से:

  • 2026 की चोरी: 1 हार, 1 नथ, 2 चेन, मांगटीका, 2 जोड़ी झुमके और अंगूठी।

  • 2025 की दो चोरियां: कुल 10 अंगूठी, 5 मांगटीका, 8 जोड़ी कान के टॉप्स/बाली, 2 मंगलसूत्र और टूटी हुई सोने की पौंची/चेन के टुकड़े बरामद किए।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  • नाम: भानु प्रताप (21 वर्ष) पुत्र रोशन लाल।

  • पता: ग्राम मुड़िया नवी बक्श, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश)।

  • आपराधिक इतिहास: अभियुक्त का अन्य जनपदों से आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु ₹2,500 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बिन्दुखत्ता गौरव जोशी, एसओजी के इसरार नवी, आरक्षी कमल बिष्ट, दयाल नाथ, आनन्द पुरी सहित अन्य जवान शामिल रहे।


Spread the love

You missed