Spread the love

लॉटरी से तय हुई जीत, मनीषा जंतवाल बनीं कोटाबाग ब्लॉक प्रमुख

कोटाबाग/नैनीताल। जिले के कोटाबाग विकासखंड में गुरुवार को हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव का नतीजा रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया, जब दोनों प्रत्याशी 14-14 मतों के साथ बराबरी पर रहे। नतीजा तय करने के लिए लॉटरी का सहारा लिया गया, जिसमें मनीषा जंतवाल का नाम निकलते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया।

चुनाव में गीता तिवारी को ज्येष्ठ उपप्रमुख और अपूर्वा बिष्ट को कनिष्ठ उपप्रमुख पद के लिए चुना गया। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही, जबकि जिला प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।

लॉटरी से ब्लॉक प्रमुख पद का फैसला होना कोटाबाग में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख मनीषा जंतवाल ने क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वह कोटाबाग के समग्र विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देंगी। वहीं, गीता तिवारी और अपूर्वा बिष्ट ने भी विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देने और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया।


Spread the love

You missed