हल्द्वानी, 7 सितंबर 2026। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को नगर निगम हल्द्वानी के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नागरिक परिषद (दर्जा राज्य मंत्री) के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने की। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे और महामंत्री डीके पांडे ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी विवेक राय को सौंपा। ज्ञापन पर अपर जिलाधिकारी ने बिंदुवार कार्रवाई के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई। गोल्डन कार्ड धारकों को ओपीडी में सीजीएचएस दरों पर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान और वय वंदन कार्ड धारकों को निजी अस्पतालों में हो रही असुविधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निजी चिकित्सालयों के प्रतिनिधियों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं भी बैठक में उपस्थित रहने की बात कही।
सभी अनुबंधित निजी चिकित्सालयों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी साइन बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और उनकी सूचना सार्वजनिक करने को भी कहा गया।
इसके अलावा पांडे नवाड़, रामपुर रोड हल्द्वानी में स्वीकृत CGHS पॉलीक्लिनिक का शीघ्र शुभारंभ कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जनपद में निवास करने वाले वरिष्ठ नागरिकों की व्यक्तिगत, आर्थिक, पारिवारिक एवं सामाजिक स्थिति का विवरण तैयार कर जरूरतमंद बुजुर्गों की पहचान करने तथा समय-समय पर उनसे संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान एवं सहयोग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले विशेषकर एकल वृद्धजनों की संपर्क नंबर सहित सूची तैयार कर नियमित रूप से उनसे संपर्क करने को कहा गया।
वृद्धावस्था सहित विभिन्न सामाजिक पेंशन की दरों में वृद्धि का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात भी कही गई।
वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा किसी वरिष्ठ नागरिक द्वारा FIR दर्ज कराने की स्थिति में उसे प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए सभी चिकित्सालयों एवं सरकारी कार्यालयों में अलग काउंटर की नियमित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आवारा पशुओं की समस्या के समाधान तथा वरिष्ठ नागरिकों को उनसे सुरक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा गया।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ, सुरक्षित मॉर्निंग वॉक की व्यवस्था, साइकिल ट्रैक, मनोरंजन क्लब, पार्क तथा बैठने के लिए बेंच उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
शहर में जगह-जगह सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण करने तथा वर्तमान शौचालयों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ नागरिकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए ओला, उबर और रैपिडो जैसी टैक्सी सेवाओं के संचालन की संभावनाएं तलाशने की बात कही गई।
इसके साथ ही रानीबाग चुंगी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य जल्द पूरा कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने की बात कही गई।
महिला सुरक्षा को लेकर प्रत्येक महिला विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज के बाहर सादी वर्दी में पुलिस बल की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया। इस संबंध में गौरा शक्ति ऐप के उपयोग पर भी जोर दिया गया।
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान से जुड़े विषयों पर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रत्येक वर्ष 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस जिला समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से राजकीय स्तर पर मनाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
इसके लिए जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन प्राप्त करने हेतु प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा गया।
सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्थान आरक्षित करने तथा पार्किंग शुल्क में छूट देने की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव नगर निगम की बैठक में रखने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के दोनों ओर छायादार वृक्ष लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए जाएंगे।
वहीं वरिष्ठ नागरिकों और शासन-प्रशासन के बीच संवाद को बेहतर बनाने के लिए हर छह माह में संवाद बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। FTI रामपुर रोड हल्द्वानी में निर्माणाधीन सार्वजनिक पार्क को शीघ्र पूरा कर आम जनता के लिए उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित विभाग को पत्र भेजने की बात कही गई।
किन्नरों द्वारा मांगलिक कार्यों में कथित रूप से अनैतिक एवं अनावश्यक दबाव डालकर मनमाने तरीके से पैसे वसूलने की शिकायतों पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग को बैठक कर दरें निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम कोरियागांव, लामाचौड़ में स्वास्थ्य केंद्र खोलने के संबंध में ग्राम जयपुर मौना, लामाचौड़ निवासी श्री मोहन चंद पडलिया के प्रार्थना पत्र का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, महामंत्री डीके पांडे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्र सिंह निगल्टिया, उपाध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष श्रीमती भगवती बिष्ट, पीएस जंतवाल, डीके पंत, विष्णु सिंह रावत, दया किशन बल्यूटिया, ललित मोहन लोहनी, डॉ. शिवदत्त तिवारी, देवेंद्र सिंह खाती, पद्मादत्त पांडे, सुमन चंद्र जोशी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, अंबा दत्त डौर्बी, राजेंद्र सिंह ऐरी, श्रीमती मीरा श्रौतिया, श्रीमती नीरू धवन, मोहन चंद पडलिया, मोहन सिंह जंतवाल, मोहन चंद्र बुडलाकोटी, हरिशचंद्र ऐरी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



