देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में वाहन चोरों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने एक बहुत बड़ा और सफल ऑपरेशन चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देशन में जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और वारदातों का खुलासा करने के क्रम में झबरेड़ा पुलिस को एक ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर-राज्यीय रूप से सक्रिय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को दबोचकर चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
17 अगस्त को दर्ज हुए मुकदमे के बाद शुरू हुई थी पड़ताल
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, दिनांक 17 अगस्त 2026 को वादी आस मोहम्मद (पुत्र मोहम्मद शहजाद, निवासी ग्राम बिझोली, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार) द्वारा कोतवाली झबरेड़ा में तहरीर दी गई थी कि ग्राम लाठदेवा शेख से उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UK17N8438) चोरी हो गई है। इस संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में मु0अ0सं0 139/2026 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार द्वारा मुकदमे के शीघ्र अनावरण हेतु एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार और कड़ी कार्रवाई आरंभ की।
500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, हुलिया बदलकर घूमते थे शातिर
चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से तकनीकी विश्लेषण किया। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों का सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान एक हैरान करने वाली बात सामने आई कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे, जिससे पुलिस के लिए उनकी पहचान करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर अपनी निगरानी जारी रखी।
यह भी पढ़ें ‘भाई के हत्यारों से बदला लेने हरिद्वार आया था बदमाश, पुलिस ने ऐसे धर दबोचा!’ बड़ी खबर
फाजिलपुर चौराहे के पास धरे गए आरोपी, पूछताछ में मिला बाइकों का जखीरा
दिनांक 06 सितंबर 2026 को चेकिंग और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने फाजिलपुर चौराहे के पास मुकदमा उपरोक्त से संबंधित दो आरोपियों को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
अरमान पुत्र मुज्जमिल, निवासी- तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार।
-
मोनू पुत्र महेंद्र, निवासी- बरशेर सिकंदरपुर, थाना सिरौली, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश; हाल किराएदार सुलेमान, शक्ति विहार, रेलवे स्टेशन के पास, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार।
आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई और उनकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की 18 अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
किन-किन थाना क्षेत्रों से चुराई गई थीं गाड़ियां?
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से कई को निम्नलिखित थाना क्षेत्रों से चुराया गया था:
-
कोतवाली झबरेड़ा – 02
-
कोतवाली नगर हरिद्वार – 01
-
कोतवाली रुड़की – 01
-
थाना सदर बाजार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) – 01
-
अन्य 14 मोटरसाइकिलें (जिनके संबंध में संबंधित जनपदों और थानों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा सूचना भेजी जा रही है)।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी अरमान और मोनू के खिलाफ झबरेड़ा, गंगनहर, कोतवाली नगर हरिद्वार, सिविल लाइंस रुड़की और सहारनपुर (यूपी) के थानों में वाहन चोरी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




