हल्द्वानी/रामनगर: अतिक्रमण की खबर पर पत्रकार को नोटिस, विरोध में उतरे पत्रकार
हल्द्वानी क्षेत्र में जनहित से जुड़ी अतिक्रमण विरोधी खबर प्रकाशित होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। खबर लिखने वाले वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक (संपादक, प्रेस 15 न्यूज) को स्कूल संचालक द्वारा कानूनी नोटिस भेजे जाने और आपराधिक केस दर्ज कराने की कोशिश के विरोध में रामनगर में पत्रकारों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
मामला रामपुर रोड स्थित न्यू आदर्श कॉलोनी का है, जहां सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि माउंट लीटेरा जी स्कूल के संचालक गिरजेश पांडे ने सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा कर उसे स्कूल के निजी रास्ते में बदल दिया, जिससे आसपास के करीब डेढ़ दर्जन परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जांच के बाद अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 31 मार्च 2026 को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध गेट को ध्वस्त कर रास्ता बहाल कराया।
इसी मुद्दे को लगातार उठाने पर अब संबंधित स्कूल संचालक द्वारा पत्रकार संजय पाठक को कानूनी नोटिस भेजा गया है और एसीजेएम कोर्ट में आपराधिक मामला दर्ज कराने की पहल की गई है। पत्रकार समुदाय ने इसे स्वतंत्र पत्रकारिता पर दबाव बनाने की कोशिश करार दिया है।
बुधवार को रामनगर में पत्रकारों ने एकजुट होकर इस कार्रवाई का विरोध किया और एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए ठोस नीति बनाने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार मयंक मैनाली, राहुल सिंह दरमवाल, गौरव मैंदोलिया, संजय मेहता और अधिवक्ता राजेश शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से भय और तनाव का माहौल बना हुआ था, जिसे प्रशासनिक कार्रवाई के बाद कुछ हद तक राहत मिली, लेकिन अब पत्रकारों को निशाना बनाए जाने से फिर से चिंता का माहौल बन गया है।





