भीमताल रामलीला मैदान में विश्व पर्यावरण दिवस पर 96.71 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करते सीएम पुष्कर सिंह धामी
Spread the love

पर्यावरण दिवस पर CM धामी ने नैनीताल जिले को दी 96.71 करोड़ की 13 योजनाओं की बड़ी सौगात

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल पहुंचकर जनपद नैनीताल को 96 करोड़ 71 लाख 19 हजार रुपये की 13 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है. इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं आधारभूत संरचना को मजबूती देने के लिए 66 करोड़ 99 लाख 60 हजार रुपये की लागत से 6 योजनाओं का लोकार्पण और 29 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपये की लागत से 7 योजनाओं का शिलान्यास किया.

लोकार्पित योजनाओं में कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के प्रशासनिक भवन का रेनोवेशन, योगा, गणित व बीएड भवन निर्माण, हरतोला सतपूरी मोटर मार्ग का सुदृढीकरण, रामगढ़ क्षेत्र में मोटर मार्ग का पुनः निर्माण, डीएसबी परिसर में छात्रावास व आईटी लैब तथा भीमताल में 10 शैय्यायुक्त आयुष चिकित्सालय का निर्माण शामिल है. वहीं शिलान्यास की गई योजनाओं में काठगोदाम बाईपास मोटर मार्ग, रानीबाग प्रभाग द्वितीय चरण, 75 मीटर स्पान स्टील ट्रस सेतु और रामनगर-भण्डारपानी समेत विभिन्न क्षेत्रों के मोटर मार्गों का निर्माण कार्य शामिल है.

भीमताल के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता को पर्यावरण दिवस की बधाई दी और कहा कि उत्तराखंड का पर्यावरण हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन “प्रकृति भी और प्रगति भी” तथा “मिशन लाइफ” का जिक्र करते हुए हर उत्तराखंडी से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाने और उसकी रक्षा करने का आह्वान किया.

सीएम धामी ने गर्व जताते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने सकल पर्यावरण उत्पाद (GEP) की अवधारणा को लागू किया है. इसके साथ ही उन्होंने वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए जनता से सहयोग मांगा और स्थानीय लोक कलाकारों से अपने गीतों के जरिए पर्यावरण संरक्षण व नशामुक्त अभियान को जनांदोलन बनाने की अपील की.

इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने भीमताल क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें भीमताल में सैनिकों व व्यापारियों हेतु एक बहुउद्देश्यीय भवन का निर्माण, भीमेश्वर मंदिर एवं ओखलकांडा के पशुपतिनाथ मंदिर को ‘मंदिर माला मिशन’ से जोड़ना, रामगढ़ ब्लॉक के ओढ़ाखांन से मुक्तेश्वर मोटर मार्ग व जीप मार्ग का मिलान करना, रामगढ़ उप तहसील का शीघ्र संचालन और क्षेत्र में विकास प्राधिकरण की समस्या के समाधान के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन करना शामिल है.

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक रामसिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री का स्वागत और आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी. जनसभा से पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.


Spread the love

You missed