Spread the love

मालधन बंद को सफल बनाने के लिए महिला एकता मंच का जनसंपर्क अभियान तेज

मालधन। महिला एकता मंच ने “नशा नहीं, इलाज दो” अभियान के तहत मालधन बंद को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क तेज कर दिया है। रविवार को महिलाओं ने टैम्पू के माध्यम से पूरे क्षेत्र में प्रचार-प्रसार कर जनता से 18 अगस्त, सोमवार को पूर्ण बंद का आह्वान किया।

महिलाओं की प्रमुख मांगों में मालधन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से फिजिशियन डॉ. प्रशांत कौशिक और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना कौशिक का ट्रांसफर रद्द करना, अस्पताल में मानकों के अनुरूप चिकित्सकों की नियुक्ति, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, रेडियोलॉजिस्ट, प्रसव, निश्चेतक, इमरजेंसी आदि चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता शामिल है।

महिला एकता मंच की सदस्याओं ने कहा कि मालधन की जनता को इलाज और डॉक्टरों की जरूरत है, लेकिन भाजपा सरकार इलाज देने की जगह नशे को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक चिकित्सा सुविधाएं बहाल नहीं की जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।

18 अगस्त को मालधन बाजार, शिक्षण संस्थान और बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे। उसी दिन सुबह 10 बजे मालधन चौड़ नंबर 2 पुलिस चौकी के पास से जुलूस निकाला जाएगा।

महिलाओं ने जनता से अपील की कि वे मालधन बंद को सफल बनाएं, ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर सरकार का ध्यान आकर्षित हो। जनसंपर्क अभियान में भगवती आर्य, विनीता टम्टा, देवी आर्य, ममता, सोनी, कौशल्या, सरला, सरिता, रंजनी, सरस्वती जोशी, ममता आर्य सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।


Spread the love