सितारगंज: भाई की बारात के लिए खरीदारी कर लौट रही दो सगी बहनों की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मातम
सितारगंज (ऊधम सिंह नगर)। किच्छा हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि ममेरी बहन सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिस घर से भाई की बारात निकलनी थी, वहां अब बहनों के शव पहुंचने से कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी हिना (22) और सिरौलीकलां निवासी निशा (25) अपनी ममेरी बहन रूबी (23) के साथ सितारगंज बाजार आई थीं। घर में उनके भाई मो. जाकिर की बारात की तैयारियां चल रही थीं, जिसके लिए तीनों बहनें खरीदारी करने पहुंची थीं। शाम को खरीदारी के बाद वे ई-रिक्शा से वापस लौट रही थीं।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
हादसा नयागांव के पास हाईवे किनारे हुआ। तीनों बहनें ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं, तभी पीछे से ओवरटेक करने की कोशिश में एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग काफी दूर जा गिरे।
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर तीनों बहनों को रुद्रपुर के निजी अस्पताल (हायर सेंटर) रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान सगी बहनों हिना और निशा ने दम तोड़ दिया, जबकि ममेरी बहन रूबी की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें 👉देहरादून मुठभेड़: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार, फायरिंग में एक घायल
इस हृदयविदारक घटना से बारात वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी की शहनाइयों की गूंज अब चीख-पुकार में तब्दील हो चुकी है। पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





