जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल
Spread the love

उत्तराखंड : नैनीताल | आपदा राहत कार्यों के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत, विभागों को जारी हुई धनराशि

वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) से प्राकृतिक आपदाओं के कारण क्षतिग्रस्त विभागीय परिसंपत्तियों की तात्कालिक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 4 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन से प्राप्त यह धनराशि संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्य शीघ्र शुरू किए जा सकें।

जिलाधिकारी ने बताया कि मरम्मत और पुनर्निर्माण से जुड़े सभी प्रस्तावों की स्वीकृति से पूर्व संबंधित उपजिलाधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण किया गया। इसके बाद तैयार प्रस्तावों को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में गठित मूल्यांकन एवं जिला कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति की संस्तुति मिलने के उपरांत धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वीकृत बजट के अंतर्गत सिंचाई विभाग को क्षतिग्रस्त नहरों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए 3 करोड़ 10 लाख रुपये दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों एवं सुरक्षात्मक दीवारों के सुधार हेतु 1 करोड़ 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग को 3 करोड़ 16 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विकासखंडों को 25 लाख 68 हजार रुपये सहित अन्य विभागों को उनके प्रस्तावों के अनुरूप धनराशि जारी की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत प्रस्तावों एवं निर्धारित आपदा मानकों के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण कार्य करते हुए समयबद्ध रूप से उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Spread the love

You missed