Spread the love

लालकुआं में लापता युवक का शव जंगल में मिला, हत्या या हाथी के हमले की आशंका

लालकुआं: चार दिन से लापता युवक का शव सोमवार को नगला बाईपास के पास स्थित जंगल में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक 6 दिसंबर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लालकुआं कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। मृतक की पहचान राकेश उर्फ हरपाल (निवासी पूर्वी घोड़नाला बिंदुखत्ता, लालकुआं) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, राकेश 6 दिसंबर को सुबह 10 बजे अपनी साइकिल की दुकान की ओर निकला था। जब वह शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद, 7 दिसंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई और पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी।

सोमवार सुबह, जब जंगल जा रहे कुछ लोगों ने नगला बाईपास के पास टांडा जंगल में शव देखा, तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि युवक की मौत हाथी के हमले से हुई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।

फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद मामले की पूरी जांच की जाएगी।


Spread the love