देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद नैनीताल में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन तथा वीवीपैट के माध्यम से मत की पुष्टि की जानकारी दी जा रही है।
75 बैलेट यूनिट, 75 कंट्रोल यूनिट और 75 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध
निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूर्ण होने के बाद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के लिए 75 बैलेट यूनिट (BU), 75 कंट्रोल यूनिट (CU) तथा 75 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।
यह भी पढ़ें: सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का औचक छापा, फटे बेड और गंदगी देख भड़के जिलाधिकारी
ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर (EDC) और छह विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल वैन (MDV)
ईवीएम एवं वीवीपैट का व्यावहारिक प्रदर्शन कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर (EDC) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक मशीनों का संचालन समझ सकेंगे तथा मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन (MDV) जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में तैनात की गई हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट की जानकारी देंगी।
18 नवंबर से शुरू अभियान, डीएम ने की मताधिकार प्रयोग की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जनपद में 18 नवंबर से ईवीएम एवं वीवीपैट जागरूकता कार्यक्रम प्रारंभ किया जा चुका है और इसके माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग कर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें तथा आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित बनाने के लिए मतदाता जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है और सभी नागरिक जागरूक होकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


